Kiran More on Vaibhav Suryavanshi IPL 2026: गाज़ियाबाद के ट्राइडेंट क्रिकेट अकादमी में हज़ारों युवा क्रिकेटर टेनिस बॉल क्रिकेट की Beyond Reach Premier League BRPL के लिए हुज़ूम बनाकर आ रहे हैं. NH-24 पर बनी ट्राइडेंट क्रिकेट अकादमी पर ये भीड़ इसलिए भी ज़्यादा है क्योंकि यहां ट्रायल्स लेने का काम पूर्व मुख्य चयनकर्ता और टेस्ट क्रिकेटर किरण मोरे (49 टेस्ट और 94 वनडे) और पूर्व टेस्ट क्रिकेटर गुरुशरण सिंह (1 टेस्ट, 1 वनडे, 104 फ़र्स्ट क्लास) बड़ी संजीदगी से निभा रहे हैं. इस दौरान किरण मोरे ने टेनिस बॉल क्रिकेट की अहमियत से लेकर वैभव सूर्यवंशी के स्पेशल टैलेंट को लेकर भी ख़ास बातें कीं.
‘टेनिस बॉल क्रिकेट है ज़रूरी'
तपतपाती गर्मी और उमस के बावजूद खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा है. NDTV संवाददाता विमल मोहन से ख़ास बातचीत में किरण मोरे कहते हैं, “हम सबने टेनिस बॉल क्रिकेट से ही अपना करियर बनाया और यहां भी कमाल का टैलेंट देखने को मिल रहा है.” पूर्व टेस्ट क्रिकेटर गुरुशरण सिंह भी NDTV से कहते हैं, “एक साथ कई टैलेंटेड लड़के देखने को मिल रहे हैं. सभी बच्चे बहुत उम्मीदों के साथ आ रहे हैं. अच्छी बात ये है कि सभी टॉप लेवल पर खेलना चाहते हैं.”
किरण मोरे कहते हैं, “टेनिस बॉल क्रिकेट का फ़ायदा ये भी है कि इसके ज़रिये आप अपनी ग़लतियों को जल्दी सुधार सकते हैं. हम सबने ऐसा किया है. आप सचिन जितने दिग्गज और सीनियर क्रिकेटर से भी पूछ लें, सबने ऐसा किया है.”
वैभव हैं स्पेशल टैलेंट
NDTV से ख़ास बातचीत के दौरान किरण मोरे कहते हैं, “वैभव सूर्यवंशी स्पेशल टैलेंट हैं. उन्हें संभालकर रखना चाहिए. मैं किसी से उनकी तुलना नहीं करना चाहूंगा. लेकिन एमएस धोनी की आपने बात की या सचिन तेंदुलकर सब अपने बचपन में बेहद टैलेंटेड थे. सबने बहुत मेहनत की और तब जाकर अपनी जगह हासिल की.”
‘BRPL से निकलकर टॉप लेवल पर जा सकते हैं क्रिकेटर'
20 और 21 मई को, एनएच-24, सन सिटी, हाई-टेक वर्ल्ड स्कूल गाजियाबाद में बियॉन्ड रीच प्रीमियर लीग BRPL ने कामयाबी के साथ अपने ट्रायल्स का समापन किया. BRPL के फ़ाउंडर सुशील शर्मा कहते हैं, “हम देश के 22 शहरों में ये ट्रायल्स करवा रहे हैं. अक्टूबर-नवंबर में इसका फ़ाइनल करवाएंगे. हम इसके ज़रिये देश के क्रिकेट के लिए अपनी ड्यूटी और अपनी भागीदारी निभा रहे हैं. बिहार से आप वैभव सूर्यवंशी, साकिब हुसैन और कई दूसरे टैलेंटेड खिलाड़ी देख चुके हैं. यहां से और भी टैलेंटेड खिलाड़ी निकलेंगे, इसकी पूरी उम्मीद है.” इस ट्रायल्स ने दिल्ली एनसीआर और आसपास के इलाकों के हजारों उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों की उम्मीद और बढ़ा दी है.
दो दिनों तक चले बीआरपीएल के इन ट्रायल्स पर पूर्व भारतीय विकेटकीपर और BRPL चयन समिति के प्रमुख किरन मोरे ने अपनी निगाहें बना कर रखीं और खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से आकलन किया. BRPL का उद्देश्य ऐसे हुनरमंद खिलाड़ियों की पहचान करना है, जो पेशेवर रूप से संगठित टेनिस बॉल क्रिकेट वातावरण में अपना बेस्ट दिखा सकें.
‘BRPL से छोटे शहरों के खिलाड़ियों को भी मौक़ा'
ट्रायल्स के सफल समापन के बाद BRPL के सह संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुशील शर्मा ने कहा कि, "दिल्ली ट्रायल्स के दौरान हमें जो प्रतिक्रिया मिली, वह वास्तव में बेहद उत्साहजनक है. दिल्ली एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों का जुनून देखने लायक है. BRPL के माध्यम से हम इसी तरह का क्रिकेटिंग इकोसिस्टम तैयार करना चाहते हैं. मुझे पूरी उम्मीद है कि कई छोटे शहरों के खिलाड़ियों के लिए ये बड़ा मौक़ा साबित होगा."
ट्रायल्स के बारे में बात करते हुए किरन मोरे ने कहा कि, " BRPL दिल्ली ट्रायल्स के दौरान खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त उत्साह और भागीदारी देखने को मिली है. ग्रासरूट स्तर पर बहुत प्रतिभा मौजूद है और BRPL जैसे मंच इन खिलाड़ियों को दिशा, अवसर और आत्मविश्वास देने में अहम भूमिका निभा सकते हैं."
BRPL का एक टारगेट ग्रासरूट क्रिकेट को मजबूत करना तो है ही. इससे जुड़े किरण मोरे, आकाश चोपड़ा, रॉबिन उथप्पा और गुरुशरण सिंह जैसे क्रिकेटरों की वजह से खिलाड़ियों के बीच इसकी अहमियत बेहद बड़ी हो गई है. कई उभरते युवा खिलाड़ी इसके ज़रिये अपने ख़्वाबों को बड़ा करने लगे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं