विज्ञापन

IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी ने रच दिया इतिहास, 15 गेंद 50 रन ठोककर तोड़ा अभिषेक शर्मा-ईशान और रैना का महारिकॉर्ड

Vaibhav Suryavanshi Record: 128 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. उन्होंने चौकों-छक्कों की बारिश करते हुए पावरप्ले में ही मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया.

IPL 2026: वैभव सूर्यवंशी ने रच दिया इतिहास, 15 गेंद 50 रन ठोककर तोड़ा अभिषेक शर्मा-ईशान और रैना का महारिकॉर्ड
Vaibhav Suryavanshi Record vs CSK IPL 2026

Vaibhav Suryavanshi Record: राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में धमाकेदार अंदाज़ में शुरुआत करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हरा दिया, लेकिन इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन रहा. सूर्यवंशी ने सिर्फ 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर आईपीएल इतिहास में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में जगह बना ली. इस दौरान उन्होंने सुरेश रैना, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और ट्रैविस हेड जैसे खिलाड़ियों के 16 गेंदों में बने अर्धशतक के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.

वैभव सूर्यवंशी ने पावरप्ले में मचाया तहलका 

128 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. उन्होंने चौकों-छक्कों की बारिश करते हुए पावरप्ले में ही मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. उनकी पारी की बदौलत राजस्थान ने बिना विकेट खोए 6 ओवर में 74 रन बना लिए, जिससे जीत लगभग तय हो गई. युवा स्टार वैभव ने 17 गेंदों में 52 रन बनाए, जिसमें 5 छक्के और 7 चौके शामिल रहे. हालांकि अर्धशतक के तुरंत बाद वह आउट हो गए, लेकिन तब तक चेन्नई के गेंदबाज पूरी तरह दबाव में आ चुके थे.

RR के गेंदबाजों ने CSK पर कसी नकेल

इस जीत की नींव पहले गेंदबाज़ों ने रखी थी. जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर ने नई गेंद से शानदार स्विंग कराते हुए शुरुआती झटके दिए. वहीं रवींद्र जडेजा ने भी दो विकेट लेकर मध्यक्रम को संभलने नहीं दिया. चेन्नई की टीम 127 रनों पर सिमट गई. केवल जेमी ओवरटन ने 43 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेलकर स्कोर को सम्मानजनक बनाया.

सूर्यवंशी के आउट होने के बाद यशस्वी जायसवाल (नाबाद 38) और कप्तान रियान पराग (नाबाद 14) ने बिना किसी परेशानी के लक्ष्य हासिल कर लिया. टीम ने 12.1 ओवर में ही मैच जीतकर अपने इरादे साफ कर दिए. इस मुकाबले में सबसे खास बात यही रही कि एक वैभव ने न सिर्फ मैच जिताया, बल्कि रिकॉर्ड बुक में भी अपना नाम दर्ज करा लिया.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com