विज्ञापन

Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी के लिए खुल गया टीम इंडिया का दरवाजा, जन्मदिन पर मिला सबसे खास तोहफा

Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी ने ICC अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2026 के फाइनल में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों पर 175 रन की विस्फोटक पारी खेलकर भारत को शानदार जीत दिलाई थी.

Vaibhav Suryavanshi: भारतीय क्रिकेट में तेजी से उभरता नाम वैभव सूर्यवंशी अब एक नए मुकाम के बेहद करीब पहुंच चुके हैं. महज 14 साल की उम्र में आईपीएल डेब्यू कर सुर्खियां बटोरने वाले इस युवा बल्लेबाज ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पहले ही दुनिया को चौंका दिया था, लेकिन अब उनके करियर का सबसे बड़ा दरवाजा खुल गया है वो है इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू का. दरअसल, अब तक उनके अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के रास्ते ICC का एक अहम नियम बाधा बना हुआ था. इस नियम के अनुसार किसी भी खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए कम से कम 15 साल का होना जरूरी है. यह नियम 2020 में खिलाड़ियों के शारीरिक और मानसिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए लागू किया गया था.

अब यही बाधा पूरी तरह हट चुकी है. 27 मार्च 2011 को जन्मे वैभव सूर्यवंशी अब 15 साल के हो गए हैं और इसके साथ ही वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह पात्र हो चुके हैं. यानी अब उनके इंटरनेशनल डेब्यू का रास्ता साफ है और वह कभी भी भारत के लिए खेलते नजर आ सकते हैं.

वैभव ने अपनी प्रतिभा का लोहा पहले ही मनवा दिया है. ICC अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2026 के फाइनल में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों पर 175 रन की विस्फोटक पारी खेलकर भारत को शानदार जीत दिलाई थी. इस पारी ने उन्हें रातोंरात चर्चाओं में ला दिया.

उनकी निडर बल्लेबाजी का अंदाज उनके आईपीएल डेब्यू में भी देखने को मिला था. उस मुकाबले से पहले जब कोच राहुल द्रविड़ ने उनसे उनकी योजना पूछी, तो वैभव ने साफ कहा था कि वह पहली ही गेंद पर बड़ा शॉट खेलना चाहते हैं और उन्होंने मैदान पर ऐसा करके भी दिखाया. शार्दुल ठाकुर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर उन्होंने अपने इरादे जाहिर कर दिए थे. उस समय टीम की कप्तानी संजू सैमसन कर रहे थे, जिन्होंने बाद में इस किस्से को साझा किया.

पिछले एक साल में वैभव सूर्यवंशी ने खुद को एक बेखौफ और आक्रामक बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया है. अब जब उम्र से जुड़ी शर्त भी पूरी हो चुकी है, तो फैंस को बस उस पल का इंतजार है जब यह युवा खिलाड़ी भारतीय टीम की जर्सी में अंतरराष्ट्रीय मैदान पर उतरता नजर आएगा.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com