विज्ञापन

RR vs DC, IPL Match Today: क्या स्टार्क की पहली गेंद पर लगेगा छक्का, जयपुर की पिच क्या असर दिखाएगी, वैभव सूर्यवंशी मचाएंगे तहलका या गेंदबाजों का होगा जलवा ?

Vaibhav Sooryavanshi Vs Mitchell Starc: गेंदबाजी के मोर्चे पर कुछ अच्छी खबरें भी हैं. तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क एक मई से खेलने के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मंजूरी मिलने के बाद टीम में वापसी करने के लिए तैयार हैं

RR vs DC, IPL Match Today: क्या स्टार्क की पहली गेंद पर लगेगा छक्का, जयपुर की पिच क्या असर दिखाएगी, वैभव सूर्यवंशी मचाएंगे तहलका या गेंदबाजों का होगा जलवा ?
RR vs DC, Vaibhav Sooryavanshi vs Vaibhav Sooryavanshi Vs Mitchell Starc

RR vs DC, IPL Match Today: दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स की टीम के बीच आज मुकाबला होना है. आजके मैच में सबकी नजर वैभव सूर्यवंशी और मिचेल स्टार्क पर रहेगी. अक्षर पटेल की अगुआई वाली दिल्ली की टीम के लिए यह सत्र काफी मुश्किलों भरा रहा है। पिछले दो मैच में टीम के प्रदर्शन में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला. एक तरफ उन्होंने 250 से अधिक का स्कोर बनाया लेकिन विरोधी टीम ने विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए उस लक्ष्य को हासिल कर लिया वहीं दूसरी तरफ वे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ सिर्फ 75 रन पर ऑल आउट हो गए.

इसके अलावा इस महीने की शुरुआत में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मिली 1 रन की हार ने दिल्ली को भावनात्मक रूप से काफी चोट पहुंचाई है. तीन जीत और चार हार के साथ वे अंक तालिका में सातवें स्थान पर हैं और उन्हें जल्द ही अपने प्रदर्शन में सुधार की जरूरत है. दिल्ली के लिए सबसे बड़ी चिंता उनकी बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी रही है। लोकेश राहुल, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स और समीर रिजवी जैसे खिलाड़ियों ने बीच-बीच में अच्छा योगदान दिया है लेकिन पूरी टीम मिलकर एक साथ अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही है. पिछले मैच में अभिषेक पोरेल ने ‘इम्पैक्ट प्लेयर' के तौर पर बल्लेबाजी करते हुए टीम को शर्मनाक स्कोर पर ऑल आउट होने से बचाया था। यह उस मैच के कुछ सकारात्मक पहलुओं में से एक था. ऐसे में टीम प्रबंधन उन्हें एकादश में मौका देने के बारे में सोच सकता है. 

मिचेल स्टार्क बनाम वैभव सूर्यवंशी

गेंदबाजी के मोर्चे पर कुछ अच्छी खबरें भी हैं. तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क एक मई से खेलने के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मंजूरी मिलने के बाद टीम में वापसी करने के लिए तैयार हैं.ऐसे में आज सबकी नजर वैभव और स्टार्क पर होगी. वैभव ने इस सीजन बुमराह और हेजलवुड के खिलाफ पहली गेंद पर छक्का लगाने का कमाल किया है. अब क्या स्टार्क के खिलाफ वैभव भी यही कमाल करेंगे. यह देखना काफी दिलचस्प रहने वाला है. यह एक ऐसी जंग है, जो जयपुर में होने वाले इस मैच का मिजाज तय कर सकती है. क्रिकेट के सबसे छोटे फ़ॉर्मेट में प्रकृति की दो विपरीत ताकतों की तरह, यह बाएं हाथ का बल्लेबाज और बाएं हाथ का तेज गेंदबाज़, मैच में 'मिनी-बैटल' का केंद्र बनने जा रहा है. इसमें सूर्यवंशी की निडर बल्लेबाजी का सामना स्टार्क की रफ़्तार, स्विंग और बड़े मैचों के अनुभव से होगा.  

वैभव सूर्यवंशी पर रहेगी नजर

राजस्थान का शीर्ष क्रम काफी आक्रामक रहा है. युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बिना किसी डर के जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस जैसे विश्व स्तरीय गेंदबाजों का शुरू से ही डटकर सामना किया है तो वहीं यशस्वी जायसवाल भी बेहतरीन लय में नजर आ रहे हैं. आईपीएल प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर काबिज राजस्थान रॉयल्स की टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ इस मैच में उतर रही है. हाल ही में उन्होंने पंजाब किंग्स को इस सत्र की पहली हार का स्वाद चखाया था. यह 9 मैच में टीम की छठी जीत थी.राजस्थान के लिए एक और सकारात्मक बात यह है कि धीमी शुरुआत के बाद अब उनका मध्य क्रम भी लय में लौट आया है. इससे उन्हें अधिक संतुलन मिलता है और पूरी पारी में उन्हें रोकना कठिन हो जाता है. दबाव में चल रहे दिल्ली के आक्रमण के खिलाफ राजस्थान की टीम एक बार अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगी.

सवाई मानसिंह स्टेडियम, जयपुर पिच रिपोर्ट 

सवाई मानसिंह स्टेडियम की पिच संतुलित परिस्थितियों के लिए जानी जाती है, लेकिन आईपीएल 2026 में कुछ और ही देखने को मिला है. इस सीजन में इस मैदान पर खेले गए पहले मैच में, सनराइजर्स हैदराबाद ने 229 रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया था. उनके 5 विकेट शेष थे और 9 गेंदें बाकी थीं. इससे पता चलता है कि बल्लेबाजों को अपने शॉट्स का पूरा फायदा यहां मिल रहा है. अगर दोबारा वैसी ही पिच होती है तो गेंदबाजों के पास गलती की कोई गुंजाइश नहीं होगी.  अनुशासन और सही एक्जीक्यूशन के साथ गेंदबाजी करना इस पिच पर बेहद ज़रूरी हैं, क्योंकि कोई भी खराब गेंद बाउंड्री के पार जा सकती है.

जयपुर मौसम अपडेट -

जयपुर में होने वाले इस मैच के दौरान मौसम साफ रहने का अनुमान है; यहां 27% ह्यूमिडिटी और लगभग 31.6˚C तापमान रहने की संभावना है. बारिश होने की संभावना केवल 1% है.

टीम इस प्रकार हैं:

राजस्थान रॉयल्स: शुभम दुबे, शिमरोन हेटमायर, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रियान पराग, वैभव सूर्यवंशी, डोनोवन फरेरा, रविंद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, क्वेना मफाका, संदीप शर्मा, युद्धवीर सिंह चरक, रवि बिश्नोई, अमन राव पेराला, एडम मिल्ने, कुलदीप सेन, दासुन शनाका, सुशांत मिश्रा, विग्नेश मिश्रा पुथुर, रवि सिंह, ब्रिजेश शर्मा

दिल्ली कैपिटल्स: अक्षर पटेल (कप्तान), लोकेश राहुल, करुण नायर, डेविड मिलर, पथुम निसांका, साहिल पारख, पृथ्वी साव, अभिषेक पोरेल, ट्रिस्टन स्टब्स, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, अजय मंडल, त्रिपुराना विजय, माधव तिवारी, आकिब डार, नितीश राणा, टी. नटराजन, मुकेश कुमार, दुष्मंता चमीरा, लुंगी एनगिडी, काइल जैमीसन, कुलदीप यादव और मिचेल स्टार्क

समय: मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com