Team India ODI Matches Schedule in 2026-2027: भारतीय क्रिकेट टीम का 2026 में शेड्यूल बेहद व्यस्त है. बीसीसीआई इसे और व्यस्त बनाने पर विचार कर रही है. वनडे विश्व कप 2027 से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के वनडे मैचों की संख्या बढ़ सकती है. एक रिपोर्ट के मुताबिक कई दूसरे क्रिकेट बोर्ड ने बीसीसीआई से पूर्व निर्धारित वनडे दौरों में मैचों की संख्या बढ़ाने का अनुरोध किया है. अनुरोध करने वाले बोर्ड में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, आयरलैंड और श्रीलंका शामिल हैं. अतिरिक्त वनडे मैच से इन क्रिकेट बोर्डों को आर्थिक फायदा होगा. वनडे मैचों की संख्या बढ़ाने का अनुरोध करने की वजह रोहित शर्मा और विराट कोहली हैं. दोनों ही दिग्गज भारतीय बल्लेबाज अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट खेलते हैं.
दोनों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी लोकप्रियता है. अगर वनडे मैच ज्यादा होंगे तो रोहित और विराट को ज्यादा खेलने का मौका मिलेगा और इसका फायदा इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, आयरलैंड और श्रीलंका जैसे क्रिकेट बोर्ड को होगा. रोहित और विराट की वजह से दर्शकों की क्षमता में वृद्धि होनी है. रोहित और विराट सिर्फ वनडे खेलते हैं. इसलिए भी दर्शक ज्यादा से ज्यादा उन्हें खेलते हुए देखना चाहते हैं.
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में ही तीन वनडे और 5 टी20 होने हैं, लेकिन इसमें बदलाव भी हो सकता है क्योंकि शर्मा और कोहली अपने लंबे करियर में शायद आखिरी बार इंग्लैंड जाएंगे. शेड्यूल में बदलाव करते हुए दो और वनडे जोड़े जा सकते हैं. हालांकि, इस पर स्थिति फिलहाल साफ नहीं है.
अगस्त में, इंडिया श्रीलंका में दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए तैयार है, जिसमें से एक सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में डे-नाइट मैच हो सकता है. हालांकि, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड, बीसीसीआई के साथ साथ शेड्यूल में व्हाइट-बॉल गेम्स जोड़ने के लिए बातचीत कर रहा है.
बांग्लादेश और यूएई में अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज को लेकर अनिश्चितता के कारण, भारत इस दौरान अतिरिक्त मैच चाह सकता है. आयरलैंड सीरीज के मैच फिलहाल तय नहीं हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं