The Hundred 2026 Auction Full list of Sold and Unsold Pakistan Players: लंदन के पिकाडिली लाइट्स में 12 मार्च को ‘द हंड्रेड 2026' के पुरुष टूर्नामेंट की नीलामी आयोजित की गई. यह इस प्रतियोगिता के इतिहास की पहली आधिकारिक नीलामी थी, जिसने इसे खास बना दिया. इससे एक दिन पहले 11 मार्च को महिला टूर्नामेंट की नीलामी भी पूरी की गई थी. पुरुषों की आठों टीमें रिटेंशन और डायरेक्ट साइनिंग की प्रक्रिया के बाद करीब £2.05 मिलियन के सैलरी कैप बजट के साथ नीलामी में उतरीं. नीलामी के लिए 700 से ज्यादा क्रिकेटरों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, लेकिन उनमें से 243 खिलाड़ियों को ही अंतिम सूची में जगह मिली. इस सूची में जो रूट, एडेन मार्करम, ट्रेंट बोल्ट और फाफ डु प्लेसिस जैसे कई बड़े नाम शामिल थे. हर टीम को कुल 14 से 16 खिलाड़ियों का स्क्वाड तैयार करने की अनुमति दी गई थी.
नीलामी में सबसे ज्यादा चर्चा 21 साल के स्पिन ऑलराउंडर जेम्स कोल्स की रही. उन्होंने सभी को पीछे छोड़ते हुए सबसे महंगे खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया. लॉर्ड्स आधारित टीम लंदन स्पिरिट ने उन्हें £390,000 (लगभग 4.81 करोड़ रुपये) में अपने साथ जोड़ा. इसके बाद जॉर्डन कॉक्स दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी रहे, जिन्हें वेल्श फायर ने £300,000 (करीब 3.70 करोड़ रुपये) में खरीदा. वहीं एमआई लंदन ने अनुभवी ऑलराउंडर टॉम कुरेन को £260,000 (लगभग 3.21 करोड़ रुपये) में अपनी टीम में शामिल किया.
नीलामी में पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया. कुल 16 पाकिस्तानी खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था, जिनमें दो महिला क्रिकेटर फातिमा सना और सादिया इकबाल भी शामिल थीं. दोनों की बेस प्राइस £15,000 थी, लेकिन उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला.
पुरुष वर्ग में पाकिस्तान के 14 खिलाड़ी नीलामी का हिस्सा थे. इनमें शादाब खान, हारिस रऊफ, सईम अयूब, मोहम्मद आमिर और नसीम शाह जैसे बड़े नाम शामिल थे. हालांकि, इनमें से केवल दो खिलाड़ियों को ही टीम मिल पाई.
सबसे पहले सनराइजर्स लीड्स ने मिस्ट्री स्पिनर अबरार अहमद पर बोली लगाई और उन्हें £190,000 (लगभग 2.34 करोड़ रुपये) में खरीद लिया. इसके बाद बर्मिंघम फीनिक्स ने उस्मान तारिक को £140,000 (करीब 1.72 करोड़ रुपये) में अपनी टीम में शामिल किया.
इसके अलावा बाकी सभी पाकिस्तानी खिलाड़ी अनसोल्ड रह गए. दिलचस्प बात यह रही कि पाकिस्तान के वनडे कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने नीलामी से पहले ही अपना नाम वापस ले लिया था. उन्होंने टियर-1 तेज गेंदबाज श्रेणी में £100,000 की बेस प्राइस के साथ रजिस्ट्रेशन कराया था.
द हंड्रेड 2026 नीलामी में बिके पाकिस्तानी खिलाड़ी
अबरार अहमद – सनराइजर्स लीड्स (£190,000 / लगभग 2.34 करोड़ रुपये)
उस्मान तारिक – बर्मिंघम फीनिक्स (£140,000 / लगभग 1.72 करोड़ रुपये)
अनसोल्ड रहे पाकिस्तानी खिलाड़ी
हारिस रऊफ (£100,000 / लगभग 1.23 करोड़ रुपये)
शादाब खान (£100,000 / लगभग 1.23 करोड़ रुपये)
सईम अयूब (£100,000 / लगभग 1.23 करोड़ रुपये)
मोहम्मद नवाज (£100,000 / लगभग 1.23 करोड़ रुपये)
नसीम शाह (£100,000 / लगभग 1.23 करोड़ रुपये)
मोहम्मद आमिर (£75,000 / लगभग 92 लाख रुपये)
जमान खान (£75,000 / लगभग 92 लाख रुपये)
इमाद वसीम (£75,000 / लगभग 92 लाख रुपये)
उसामा मीर (£50,000 / लगभग 61 लाख रुपये)
आकिफ जावेद (£31,000 / लगभग 38 लाख रुपये)
सलमान मिर्जा (£31,000 / लगभग 38 लाख रुपये)
इस नीलामी में कुछ खिलाड़ियों को बड़ी रकम मिली, लेकिन कई बड़े नामों को कोई खरीदार नहीं मिला, जो इस इवेंट का सबसे चौंकाने वाला पहलू रहा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं