Suryakumar Yadav Indian Captain Statement After Victory In Semi Final Match Against England: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमी फाइनल मुकाबला गुरुवार (पांच मार्च) को भारत और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया. जहां रोमांच के पराकाष्ठा तक पहुंचे मुकाबले में भारतीय टीम सात रनों से बाजी मारने में कामयाब रही. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के फाइनल राउंड में भी प्रवेश कर लिया है. विपक्षी टीम के खिलाफ मिली जीत के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव काफी खुश नजर आए. मैच के बाद उन्होंने अपना विचार साझा करते हुए कहा, 'अविश्वसनीय एहसास है. फाइनल मुकाबले के लिए अहमदाबाद का दौरा करना हम सबके लिए बहुत खास है. मैंने हैरी (हैरी ब्रूक) से मजाक में पूछा था कि बताईए हमें आपके खिलाफ और कितने रन बनाने चाहिए. मैच के दौरान वह हमेशा बने हुए थे. लक्ष्य का पीछा करते हुए भी वह मैच में थे. मगर जिस तरह से बुमराह और अर्शदीप के साथ अन्य गेंदबाजों ने मैच को वापस अपने पाले में लाया. वह अविश्वसनीय है. मैच के दौरान यह गेंदबाजी प्रदर्शन काफी खास रही.'
मैच के दौरान भारतीय उपकप्तान अक्षर पटेल ने दो शानदार कैच पकड़े. उनके उम्दा क्षेत्ररक्षण पर कैप्टन सूर्या ने कहा, 'हमारे फील्डिंग कोच टी दिलीप को भी इसका श्रेय देना होगा. टीम के साथ वह काफी कड़ी मेहनत कर रहे हैं. मैच के दौरान अगर कोई मेरा हार्ट रेट चेक करता तो पता चल जाता कि वह आसानी से 160 से 175 के आस पास पहुंच गया था.'
इंग्लैंड को हराकर भारत ने फाइनल में किया प्रवेश
सेमी फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को शिकस्त देते हुए टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है. अब खिताबी जंग के लिए वह आठ मार्च को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड का सामना करेगी. यहां जिस टीम को जीत मिलेगी. उका खिताब पर कब्जा होगा.
भारत को सात रन से मिली जीत
बात करें सेमी फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम के प्रदर्शन के बारे में तो मुंबई में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 20 ओवरों में 253/7 रन बनाने में कामयाब हुई थी. पारी का आगाज करते हुए संजू सैमसन सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 42 गेंद में 89 रन की अर्धशतकीय पारी खेली.
भारत की तरफ से जीत के लिए मिले 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जेकब बेथेल ने 48 गेंदों में 105 रनों की विस्फोटक शतकीय पारी खेली. मगर वह भी इंग्लैंड की हार को टाल नहीं पाए और टीम को रोमांचक मुकाबले में सात रनों से शिकस्त का सामना करना पड़ा.
यह भी पढ़ें- IND vs ENG: फाइनल में पहुंची इंडिया, कांटे के टक्कर में इंग्लैंड को 7 रनों हराया, ये खिलाड़ी रहे जीत के हीरो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं