Sunil Gavaskar on MS Dhoni Play vsSRH or Not, IPL 2026: एक मीडिया रिपोर्ट बताती है कि इस पूरे सीजन एमएस धोनी चेन्नई में मैच नहीं खेले तो वहां ब्लैक टिकटों की मारामारी की रफ्तार भी बेहद कम हो गई. धोनी आईपीएल 2026 का अपना पहला और चेन्नई में अपना आखिरी मैच आज खेलेंगे या नहीं यह सबसे बड़ा सवाल बन गया है. यह सवाल इसलिए भी बड़ा बन गया है, क्योंकि कल धोनी ने नेट्स पर पहले से कहीं ज्यादा प्रैक्टिस की और गेंदबाजों का सामना किया. उन्होंने कल कुछ बड़े शॉट्स भी लगाए. क्रिकेट सर्किट में इस बात को लेकर चर्चा बेहद गर्म है कि धोनी आज मैदान पर उतरेंगे. लेकिन पूर्व कप्तान और दिग्गज कॉमेंटेटर सुनील गावस्कर की मानें तो वह अपनी राय इससे जुदा रखते हैं.
प्लेऑफ में करो या मरो का रोमांच
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पंजाब किंग्स को हराकर TATA IPL 2026 प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन गई है. जबकि, दिल्ली ने राजस्थान पर 5 विकेट की अहम जीत के साथ सीजन में अपनी उम्मीदें बरकरार रखी हैं. Star Sports के ‘Amul Cricket Live' पर बोलते हुए, JioStar एक्सपर्ट सुनील गावस्कर ने PBKS के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाओं पर चर्चा की, रियान पराग के डोनोवन फरेरा को गेंद देने के फैसले को 'आत्मघाती' बताया. Star Sports के 'Amul Cricket Live' पर बोलते हुए, JioStar एक्सपर्ट सुनील गावस्कर ने रियान पराग के डोनोवन फरेरा को गेंद सौंपने के फैसले को मैच हारने वाला कदम बताया और कहा, "डोनोवन फरेरा को 18वां ओवर देने का फैसला आत्मघाती था। आप एक धीमे गेंदबाज को ऐसी पिच पर ला रहे हैं जहां उसे कोई मदद नहीं मिल रही. वह लगातार स्लॉट में गेंदबाजी कर रहा था.
यह मैच में उसका पहला ओवर था. वह बल्ले से गोल्डन डक पर भी आउट हुआ था. कभी-कभी आपको देखना होता है कि उस दिन किस्मत किस तरफ है. अगर उसने 40-50 रन बनाए होते और आत्मविश्वास से भरा होता, तो उसे ओवर देना समझ में आता. लेकिन वह पहली गेंद पर आउट हो गया, और फिर भी आपने उसे गेंद दे दी. उस ओवर में 16 रन गए, और मैच हाथ से निकल गया. सब खत्म. रियान पराग किसी प्रॉपर गेंदबाज, एक रेगुलर गेंदबाज को गेंद दे सकते थे. भले ही वह गेंदबाज 20 रन देता, वह मुद्दा नहीं है। मुद्दा यह है कि उस अहम मौके पर डोनोवन फरेरा को गेंद देना राजस्थान रॉयल्स का आत्मघाती फैसला था."
'पंजाब का क्वालीफाई करना मुश्किल'
लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर ने पंजाब की क्वालीफिकेशन की संभावनाओं पर कहा, "अगर पंजाब किंग्स प्लेऑफ में पहुंच जाए तो मुझे हैरानी नहीं होगी क्योंकि राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमें क्वालीफाई न करने की पूरी कोशिश कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली के खिलाफ यह मैच जीतने की स्थिति से गंवा दिया और अगर राजस्थान जीतने वाली स्थिति से हारती रही, तो पंजाब को बस अपना अगला मैच जीतना है। इससे उनके 15 पॉइंट हो जाएंगे, जो शायद काफी हो. हां, सनराइजर्स पंजाब से आगे हैं, और CSK अभी भी 14 या 16 पॉइंट तक पहुंच सकती है. लेकिन अगर चेन्नई एक मैच हार जाती है, तो पंजाब के पास क्वालीफाई करने का बहुत असली मौका है."
क्या धोनी आज खेलेंगे?
गावस्कर ने हैदराबाद के खिलाफ चेन्नई के लिए करो या मरो मुकाबले में धोनी की वापसी की संभावना पर कहा, " चेन्नई के लिए हैदराबाद के खिलाफ मैच बेहद अहम है. यह चेपॉक में उनका आखिरी होम गेम है, इसलिए स्वाभाविक रूप से फैंस धोनी को खेलते देखना चाहते हैं. लेकिन वह इस सीजन में बिल्कुल नहीं खेले हैं. दरअसल, वह एक साल से ज्यादा समय से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेले हैं. इसलिए, मुझे संदेह है कि वह इस स्टेज पर ऐसा जोखिम उठाना चाहेंगे. आपको ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है जो मैच-फिट हों और पिछले छह हफ्तों से लगातार खेल रहे हों.धोनी एक पूरे टीम-मैन हैं.
मुझे नहीं लगता कि वह मौजूदा कॉम्बिनेशन को बिगाड़ना चाहेंगे. अगर वह हैदराबाद के खिलाफ खेलते हैं तो मुझे बहुत हैरानी होगी. चेन्नई के लिए यह करो या मरो का मैच है. जीत उन्हें प्लेऑफ की रेस में जिंदा रखेगी. उन्हें यह मैच हर कीमत पर जीतना है, और ऐसे खिलाड़ी को लाना जिसने एक साल से ज्यादा समय से नहीं खेला है, एक जुआ हो सकता है. "
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं