इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में आज के इकलौते मुकाबले में वही टीम जीतेगी, जो पावर-प्ले यानी शुरुआती छह ओवरों में सबसे ज्यााद बरसेगी. हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स (SRH vs RR) का मुकाबला इसी पर टिका है यानी सबसे दिग्गज अभिषेक शर्मा- ट्रेविस हेड और फिलहाल दुनिया को अपने खेल से विस्मित किए वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल में आज जो भी भारी पड़ेगा, समझो मैच उसी के नाम होगा. यह सही है कि हालिया सालों में अभिषेक-हेड ने अपने कारनामों से विरोधी टीम को पावर-प्ले में ही तार-तार कर दिया, लेकिन इस सीजन में वैभव और जायसवाल मानो नई परिभाषा गढ़ रहे हैं. चलिए आप इन दोनों ही जोड़ियों की खास बातें जानिए और खुद ही तय कीजिए कि आज कौन किसे मात देने जा रहा है.
अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड
इस जोड़ी को 'ट्रैविशेक' कहा जा रहा है. और इसका गेंदबाजों की बखिया उधेड़ने का अपना ही एक इतिहास रहा है. पावर-प्ले में उसने गेंदबाजों का बुरी तरह से मान मर्दन किया है. भले ही शुरुआती मैचों अभिषेक-हेड खरे नहीं उतरे, लेकिन फिर इन दोनों ने लय पकड़ ली.
मौजूदा फॉर्म: अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में हैं. और उन्होंने पिछले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ केवल 28 गेंदों में 74 रन (8 छक्के) बनाए थे. वहीं ट्रेविस हेड ने भी कोलकाता के खिलाफ 46 और पंजाब के खिलाफ 38 रनों की उपयोगी पारियां खेली हैं. और आज जैसी पिच दिखाई पड़ रही है, उसे देखकर लगता है कि इनका असर देखने को मिलेगा ही मिलेगा.
ये आंकड़े सुपर हैं: साल 2024 से अब तक इस जोड़ी ने 31 पारियों में 1423 रन बनाए हैं. इसमें उनका औसत 49.11 और स्ट्राइक रेट 211 का रहा है. वहीं, दोनों ने तीन बार मेगा टूर्नामेंट में शतकीय साझेदारी निभाई है.
जोड़ी की USP: यह जोड़ी प्रति ओवर 12.29 की दर से रन बनाती है. अभिषेक का फुटवर्क और हेड की 'हैंड-आई कॉऑर्डिनेशन' उन्हें खतरनाक बनाता है. SRH के लिए यह जोड़ी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि टीम की गेंदबाजी कमजोर रही है. ऐसे में इन्हें बड़े स्कोर खड़े करने की जिम्मेदारी उठानी पड़ती है.
यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी बरसा रहे 'आग'
यह जोड़ी वर्तमान में IPL की सबसे विस्फोटक ओपनिंग जोड़ी बनकर उभरी है,जिसने 'ट्रैविशेक' के आंकड़ों को भी पीछे छोड़ दिया है
वैभव सूर्यवंशी की 'सुनामी फॉर्म': 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव इस समय ऑरेंज कैप धारक हैं. उन्होंने RCB के खिलाफ 26 गेंदों में 78 और चेन्नई के खिलाफ 52 रन बनाए हैं. IPL 2026 में अब तक वे 200+ रन बना चुके हैं और फिलहाल ऑरेन्ज कैप उनके पास है.
यशस्वी जायसवाल: जायसवाल भी जबरदस्त फॉर्म में हैं. उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 32 गेंदों में 77* रनों की तूफानी पारी खेली थी. इस सीजन में उनके नाम 183 रन (औसत 91.5) हैं.
जोड़ी की USP: जायसवाल और सूर्यवंशी ने पिछली 10 पारियों (2025 और 2026 मिलाकर) में 12.36 के रन-रेट से बल्लेबाजी की है, जो IPL इतिहास में सुनील नरेन और फिल साल्ट के बाद दूसरा सबसे तेज है. इस सीजन में उन्होंने 3 मैचों में ही 225 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की है, जिसका रन-रेट 12.73 रहा है. और यही रन-रेट बोल रहा है कि वे हैदराबाद के कमजोर आक्रमण के खिलाफ भारी पड़ सकते हैं.
दोनों का पावर-प्ले (शुरुआती 6 ओवरों में अंतर)
रन-रेट/ओवर: अभिषेक और हेड का शुरुआती छह ओवरों में रन-रेट 11.5 से लेकर 12.5 के बीच रहा है, तो वहीं सूर्यवंशी और जायसवाल का नेट रन-रेट करीब 13.2 का रहा है.
स्ट्राइक-रेट: ट्रेविस हेड शुरुआती 6 ओवरों में 200+ के स्ट्राइक रेट से खेलते हैं, जबकि अभिषेक शर्मा स्पिन और पेस दोनों के खिलाफ आक्रामक रहते हैं. वहीं, वैभव ने पावर-प्ले में राजस्थान के लिए पूरा समीकरण बदल दिया है. वह जायसवाल के साथ मिलकर करीब 250 के स्ट्राइक-रेट से रन बटोर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं