- आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच दो बार सुपर ओवर खेलकर मैच का परिणाम तय हुआ
- बांगड़ ने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों को बेखौफ होकर खेलना जारी रखना चाहिए और ज्यादा संशय नहीं करना चाहिए
- बांग्लादेश के क्रिकेट सलाहकार ने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप मैच न खेलने का फैसला बीसीबी और खिलाड़ियों ने लिया था
Top 5 Sports News Today: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच क्रिकेट प्रेमियों के सिर चढ़कर बोल रहा है. फैंस को दिन प्रतिदिन एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं. टूर्नामेंट में आज (11 फरवरी) कुल तीन मुकाबले खेले जाने वाले हैं. जहां दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच खेला जाने वाला मुकाबला संपन्न हो चुका है, जबकि ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड के बीच खेला जाने वाला मुकाबला जारी है. आज का आखिरी मुकाबला शाम सात बजे से इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच मुंबई में खेला जाएगा. अहम मुकाबले का आगाज हो. उससे पहले बात करें 11 फरवरी की खेल जगत से आ रही उन पांच बड़ी खबरों के बारे में तो वो कुछ इस प्रकार हैं-
1- सुपर ओवर में रोमांच की सारी हदें हुई पार
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 13वां मुकाबला आज (11 फरवरी) दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच अहमदाबाद में खेला गया. जहां मैच का परिणाम एक नहीं दो बार 'सुपर ओवर' खेलकर निकाला गया. अहमदाबाद में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफ्रीकी टीम 20 ओवरों में 187/6 रन बनाने में कामयाब हुई थी. जिसका पीछा करते हुए अफगान टीम भी 19.4 ओवरों में 187/10 रनों पर ढ़ेर हो गई. इसके पश्चात मैच का परिणाम 'सुपर ओवर' के जरिए निकाला गया.
'सुपर ओवर' में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम 17/0 रन बनाने में कामयाब हुई थी. जिसका पीछा करते हुए अफ्रीकी टीम भी 17/1 रनों तक ही पहुंच पाई. जिसके बाद फिर से 'सुपर ओवर' का सहारा लिया गया. इस बार 'सुपर ओवर' में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफ्रीकी टीम 23/0 रन बनाने में कामयाब रही. ट्रिस्टन स्टब्स ने दो गेंद में सात, जबकि डेविड मिलर ने चार गेंदों में 16 रनों का योगदान दिया. विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 24 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगान टीम छ गेंदों में 19/2 रन ही बना सकी. इस तरह इस रोमांचक मुकाबले में अफ्रीकी टीम सुपर ओवर में चार रनों से जीत हासिल करने में कामयाब रही.
2- बेखौफ होकर खेलना जारी रखे भारतः बांगड़
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में भारतीय टीम को अमेरिका के खिलाफ कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी. हालांकि, उसके बावजूद का मानना है कि टीम को बेखौफ होकर खेलना चाहिए. उन्होंने जिओ हॉटस्टार के एक कार्यक्रम में कहा, 'मुझे नहीं लगता कि भारतीय बल्लेबाजों को वानखेड़े में अमेरिका के खिलाफ जो हुआ उसका बहुत अधिक विश्लेषण करना चाहिए, क्योंकि टी20 क्रिकेट में आजकल जिस तरह से भारतीय बल्लेबाज खेल रहे हैं उसमें निश्चित तौर पर जोखिम भरा हुआ है.'
उन्होंने कहा, 'किसी दिन जब दो-तीन विकेट गिर जाते हैं और आप फिर भी आक्रामक खेलना चाहते हैं, तो एक साथ कई विकेट गिर सकते हैं. अगर इससे कुछ सीख मिलती है तो वह यह है कि शायद थोड़ा धीमा खेलें, लेकिन अपने दृष्टिकोण को लेकर ज्यादा संशय न रखें, क्योंकि बेखौफ होकर खेलने के कारण ही आपको इतनी सफलता मिली है.'
बांगड़ ने कहा, 'अपनी क्षमताओं पर भरोसा बनाए रखें और उसी तरह खेलते रहें जिस तरह से भारतीय बल्लेबाजी इकाई ने पिछले 18 महीनों में टी20 क्रिकेट खेला है.'
3- नजरुल का यू-टर्न
बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने अब यू-टर्न लेते हुए कहा कि भारत में टी20 वर्ल्ड कप के मैच नहीं खेलने का फैसला बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और खिलाड़ियों ने लिया था. 'क्रिकबज' ने नजरुल के हवाले से बताया है, 'वर्ल्ड कप में नहीं खेलने पर अफसोस का कोई सवाल ही नहीं है. यह फैसला बीसीबी और खिलाड़ियों ने देश के क्रिकेट की सुरक्षा, जनता की सुरक्षा और राष्ट्रीय गरिमा की रक्षा के लिए लिया.'
इससे पहला नजरुल ने 22 जनवरी को कहा था, 'मुझे लगता है कि हमें आईसीसी से न्याय नहीं मिला. हम वर्ल्ड कप में खेलेंगे या नहीं, यह पूरी तरह से सरकार का फैसला है.'
4- पेट में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती हुए अभिषेक शर्मा
भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को पेट में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसके कारण उनका नामीबिया के खिलाफ गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप के मैच में खेलना संदिग्ध नजर आ रहा है. बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया है, 'अभिषेक को पेट में संक्रमण के कारण दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. समस्या का पता लगाने के लिए कुछ जांच की जा रही हैं. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें अस्पताल से आज छुट्टी मिलेगी या नहीं लेकिन उनके नामीबिया के खिलाफ मैच खेलने पर फिलहाल संशय बना हुआ है.'
5- हसरंगा की कमी बहुत खलेगी: दुष्मंथा चमीरा
दुष्मंथा चमीरा ने चोटिल वानिंदु हसरंगा पर बड़ा बयान दिया है. उनका कहना है कि सभी गेंदबाजों को मिलकर उनकी कमी को पूरा करना होगा. ओमान के खिलाफ मुकाबले से पहले चमीरा ने कहा, 'वानिंदु का नहीं होना बड़ा नुकसान है क्योंकि हम जानते हैं कि वह कितना प्रतिभाशाली है. अब सभी गेंदबाजों पर उसकी कमी पूरी करने की बड़ी जिम्मेदारी है.'
चमीरा ने कहा, 'हेमंता पिछले कुछ समय टीम के साथ था और जिम्बाब्वे में भी खेला है. उसकी गेंदबाजी की शैली वानिंदु से अलग है और वह बल्लेबाजी भी कर लेता है. चूंकि हम श्रीलंका में खेल रहे हैं और वह यहां खेल चुका है तो टीम को उससे जो अपेक्षा है, वह पूरी कर सकता है.'
दुष्मंथा चमीरा ने कहा, 'हमने पावरप्ले में अच्छा खेला लेकिन उसके बाद लय कायम नहीं रख सके. हम एक दो रन भी ले सकते थे लेकिन ऐसा नहीं किया. हमें अगले मैचों में इसमे सुधार करना होगा.'