South Africa Beat New Zealand By 7 Wickets: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने घर में शुरू हुई पांच टी20 मैचों की सीरीज के पहले मैच में ही न्यूजीलैंड को करारी हार का सामना करना पड़ा है. बे ओवल में खेले गए मैच में न्यूजीलैंड को सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा. जीत के साथ 5 मैचों की सीरीज में दक्षिण अफ्रीका 1-0 से आगे हो गई है. न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, जो बिल्कुल गलत साबित हुआ. न्यूजीलैंड ने 21 रन पर चार और 36 रन पर पांच विकेट खो दिए थे. इसमें अनुभवी बल्लेबाज डेवन कॉन्वे और टॉम लैथम के विकेट भी शामिल थे. शुरुआत में गिरे विकेटों का झटका न्यूजीलैंड नहीं झेल सका. पूरी टीम 14.3 ओवरों में 91 रन पर सिमट गई. कीवी टीम की स्थिति और खराब हो सकती थी, अगर 7वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए जिमी नीशम ने 21 गेंदों पर 26 रन नहीं बनाए होते. टीम के सात बल्लेबाज दो अंकों में प्रवेश नहीं कर सके.
दक्षिण अफ्रीका की तरफ से एन मोकोएना ने 3.3 ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट लिए. इसके अलावा गेराल्ड कोएट्जे ने तीन ओवर में 14 रन देकर दो, ऑटनिल बार्टमैन ने तीन ओवर में 22 रन देकर दो और कप्तान केशव महाराज ने चार ओवर में 25 रन देकर दो विकेट लिए.
जीत के लिए 92 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी दक्षिण अफ्रीका को 7 के स्कोर पर टोनी डे जॉर्जी के रूप में पहला झटका लगा। वह 2 रन बनाकर आउट हुए. रुबिन हर्मन भी सात रन बनाकर आउट हो गए. पारी की शुरुआत करने आए कॉनर एस्टरहुइजन ने 48 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 45 रन बनाकर दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट से जीत दिला दी. दक्षिण अफ्रीका ने 16.3 ओवर में तीन विकेट पर 93 रन बनाकर मैच सात विकेट से जीता. डियान फॉरेस्टर 25 गेंदों पर 16 रन बनाकर नाबाद रहे. जेसन स्मिथ 10 रन बनाकर आउट हुए थे.
न्यूजीलैंड के लिए काइल जैमिसन, जकारी फॉक्स और कप्तान सेंटनर ने 1-1 विकेट लिए.
यह भी पढ़ें- कुलदीप यादव की शादी की खूबसूरत तस्वीरें और वीडियो, नजर हटाना हुआ मुश्किल... आपने देखे?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं