44 साल के एमएस धोनी 2026 के आईपीएल में चेन्नई टीम का हिस्सा होंगे, ये फिलहाल अडिग सत्य नजर आ रहा है. लेकिन धोनी के मन में क्या चल रहा है, वो कितने मैच खेलेंगे, क्या ये आईपीएल उनका आखिरी आईपीएल होगा- ऐसे कई सवालों के जवाब सिर्फ और सिर्फ धोनी के पास हैं. बाकी सबकुछ अटकलबाजी और माया है. एमएस धोनी को लेकर सवाल पूछे जाने पर पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने जो कुछ कहा उसने धोनी और उनके अनहोनी फैसलों को और भी रहस्यमय बना दिया. दिल्ली में ‘जैक्सन ग्रुप' का ब्रैंड अंबैसडर बनने के मौके पर पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने धोनी के लेकर एक दिलचस्प बयान दिया.
क्या ये धोनी का आख़िरी साल, क्या करेंगे धोनी?
पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने इस मौके पर IPL के पहले सीजन को याद करते हुए कहा, 'मुझे आज भी याद है मैंने पहले IPL की पहली गेंद का सामना किया था और पहले मैच में हमने बैंगलोर को अच्छी तरह से हराया था. और अब, पिछली बार बैंगलोर चैंपियन बन गई.'
उन्होंने धोनी पर पूछे जाने पर कहा, 'मैं जानता हूं मुझे इस बारे में धोनी को क्या सलाह देनी है. लेकिन वो मैं सिर्फ धोनी को कहूंगा किसी और को नहीं बताऊंगा.'
गांगुली के ये कहते ही धोनी को लेकर क्रिकेट सर्किट में और भी कयास लगने शुरू हो गए. पिछले साल धोनी ने मैच के बाद प्रेजSन्टेशन के दौरान कहा था कि वो दर्शकों के प्यार की वजह से कम-से-कम एक और सीजन आईपीएल खेलना चाहते हैं, बशर्ते उनका शरीर और फिटनेस इसकी अनुमति दे.
कैसा रहा धोनी का पिछला साल?
IPL में धोनी ने अबतक 278 मैचों में 100 बार नॉटआउट रहते हुए 138 के स्ट्राइक रेट से 5439 रन बनाए जिसमें उनकी 24 अर्द्धशतकीय पारियां हैं.
पिछले साल 2025 में धोनी ने 14 मैचों में 136 के स्ट्राइक रेट से 196 रन बनाए जिसमें उनका सर्वाधिक नाबाद 30 रन रहा. पिछले साल उन्होंने 6 कैच लपके और 5 स्टंप्स भी किए.
कौन बनेगा धोनी का उत्तराधिकारी?
पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने JioHotstar से बात करते हुए तस्वीर से थोड़ी और धुंध हटायी. आकाश चोपड़ा का मानना है कि 2026 धोनी का आखिरी सीजन होगा और संजू सैमसन उनके उत्तराधिकारी साबित होंगे.
आकाश चोपड़ा ने कहा, 'आप डगआउट में बैठकर क्रिकेट नहीं खेल सकते. ये फ़ुटबॉल नहीं है. एमएस धोनी में किसी से भी बेहतर गेम समझने की क्षमता है. उनके गेम की समझ और उनके फ़ैसले के प्रति उनका भरोसा ही उन्हें धोनी बनाता है. वैसे भी मुझे लगता है कि ये धोनी का आख़िरी सीज़न होगा.'
यह भी पढ़ें- VIDEO: IPL का वह मुकाबला जब रिंकू ने हारी हुई बाजी को KKR की झोली में डाल दिया, एक ओवर में जड़े थे 5 छक्के
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं