विज्ञापन

INDW vs SAW: स्मृति मंधाना का वर्ल्ड रिकॉर्ड, रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा, अब निशाने पर बाबर आजम का 'महारिकॉर्ड'

Smriti Mandhana World Record INDW vs SAW: स्मृति मंधाना बड़ी पारी नहीं खेल पाईं और सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गईं. हालांकि, इस छोटी सी पारी के दौरान उन्होंने एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया.

INDW vs SAW: स्मृति मंधाना का वर्ल्ड रिकॉर्ड, रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा, अब निशाने पर बाबर आजम का 'महारिकॉर्ड'
Smriti Mandhana World Record INDW vs SAW: 

Smriti Mandhana World Record INDW vs SAW: भारतीय महिला क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीका महिला टीम के बीच शुक्रवार को 5 टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला डरबन में खेला गया जिसमें टीम इंडिया को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था. भारतीय टीम के लिए शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पारी की शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 5 ओवर में 46 रन जोड़े. वर्मा 20 गेंदों पर 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुईं. भारतीय टीम की ओर से पारी की शुरुआत करने उतरी स्मृति मंधाना इस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल पाईं और सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गईं. हालांकि, इस छोटी सी पारी के दौरान उन्होंने एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया.

मंधाना अब भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट (मेंस और विमेंस मिलाकर) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं. उन्होंने इस मामले में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है. मंधाना के नाम अब 4244 रन हो गए हैं, जबकि रोहित ने 4231 रन बनाए हैं. इस लिस्ट में अब विराट कोहली तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं, जिनके नाम 4188 रन दर्ज हैं. चौथे नंबर पर भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर हैं, जिन्होंने 3869 रन बनाए हैं. वहीं, पांचवें स्थान पर सूर्यकुमार यादव मौजूद हैं, जिनके नाम 3272 रन हैं.

इसके अलावा, मंधाना अब बाबर आजम के वर्ल्ड रिकॉर्ड के भी करीब पहुंच रही हैं. बाबर ने टी20 इंटरनेशनल में 4596 रन बनाए हैं और मंधाना उनसे सिर्फ 352 रन पीछे हैं. अगर उनका फॉर्म ऐसा ही रहा, तो आने वाले मैचों में यह रिकॉर्ड भी टूट सकता है.

अगर सिर्फ महिला क्रिकेट की बात करें तो मंधाना इस समय दूसरे नंबर पर हैं. उनसे आगे न्यूजीलैंड की दिग्गज खिलाड़ी सूजी बेट्स हैं, जिनके नाम 4717 रन दर्ज हैं. मंधाना के पास उन्हें पीछे छोड़ने का अच्छा मौका है.

158 रन के लक्ष्य को दक्षिण अफ्रीका ने 19.1 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया. पारी की शुरुआत करने आईं कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने 39 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 51 रन की पारी खेली. एनेरी डर्कसन 34 गेंदों पर 44 रन बनाकर नाबाद रहीं. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी हुई. कोले ट्रायन 16 गेंदों पर 18 रन बनाकर नाबाद रहीं. भारत की तरफ से श्रेयांका पाटिल ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट लिए. अरुंधती रेड्डी और श्री चारणी को 1-1 विकेट मिले.

जीत के साथ सीरीज में दक्षिण अफ्रीका ने 1-0 की बढ़त बना ली है. दूसरा मैच रविवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com