विंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में वनडे इतिहास का सबसे तेज शतक बनाने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल की दुनिया भर में चर्चा है. एकदम से ही गिल बातचीत का केंद्र बन गए हैं, तो वहीं विंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे से पहले गिल ने गुरवार को जारी हुए विश्व कप के कार्यक्रम के बीच मेगा इवेंट के हुंकार भी भर दी है. तीसरे वनडे से पहले आधिकारिक ब्रॉडकास्टर जियो-स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में गिल ने कप्तान के रूप में जिम्मेदारी संभालने के बाद से अपने विकास, आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप के नजदीक होने पर वरिष्ठ खिलाड़ियों रोहित शर्मा और विराट कोहली के साथ होने के फायदों के बारे में खुलकर बात की. साथ ही, गिल ने दोनों फॉर्मेटों में भारत की कप्तानी करने और इस भूमिका को संभालने के बाद से अपने अनुभव को साझा किया.
यह भी पढ़ें: आईसीसी की 'नई प्लेइंग कंडीशंस' आज से लागू, पिंक बॉल टेस्ट से ओवर-थ्रो तक, जानें क्या-क्या बदल गया
'कप्तानी का सपना कभी नहीं देखा था'
गिल ने दोनों फॉर्मेंटों में कप्तानी करने पर कहा, 'मैं इसे एक जिम्मेदारी के रूप में अधिक देखता हूं. बड़े होते हुए भी मेरा यह कोई खास सपना नहीं था कि मुझे एक दिन भारत का कप्तान बनना है. मेरा सपना हमेशा ही देश के लिए खेलना और मैच जिताना था. इसलिए, जब मुझे कप्तानी का यह मौका मिला, तो जाहिर है कि यह एक बड़ा सम्मान और एक बड़ी जिम्मेदारी थी. और मैं इसे इस रूप में देखता हूं कि मुझे टीम की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इससे मेरे लिए चीजें काफी आसान हो जाती हैं. मुझे इस बात को लेकर ज्यादा दबाव महसूस नहीं होता क्योंकि मुझे लगता है कि अगर मैं सही नीयत से काम करूं, तो सब कुछ अपनी जगह पर ठीक हो जाएगा.'
'वह हार ज़हन में है, हमारा काम अभी अधूरा है'
साल 2023 विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली निराशा पर गिल बोले, ' हां यह अधूरा काम है, जिसे हमें अंजाम देना है. वजह यह है कि जिस तरह हमने पूरे टूर्नामेंट में प्रदर्शन किया था, हम टूर्नामेंट की सबसे अच्छी टीम लग रहे थे. लेकिन विश्व कप ऐसे ही होते हैं. हो सकता है कि आप पूरे टूर्नामेंट में सभी मैच जीतें और फिर फाइनल में जाकर हार जाएं. हम नहीं जीत सके. इसीलिए यह हमारा अधूरा काम है.' भारतीय कप्तान ने कहा, 'और एक खिलाड़ी के रूप में, आपको अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए विश्व कप में इतने सारे मौके नहीं मिलते हैं. इसलिए, आप अपने देश के लिए जो भी विश्व कप खेलते हैं, वह एक बड़ा सम्मान होता है. इसलिए, एक और विश्व कप खेलने में सक्षम होने पर मैं बहुत आभारी हूं.'
'अब नंबर-1 बल्लेबाज के टैग से फर्क नहीं पड़ता'
इस सवाल पर गिल बोले, ' मैं पहली बार शायद 2023 विश्व कप के दौरान नंबर-1 बल्लेबाज बना था. तब बहुत अच्छा महसूस हुआ था. एक बच्चे के रूप में आप रैंकिंग को देखते हैं. इसलिए यह एक ऐसा निशान लगाने जैसा था कि चलो ठीक है. एक बार मुझे नंबर एक रैंकिंग वाला वनडे बल्लेबाज बनना है. इसलिए यह अच्छा लगता है, लेकिन मुझे लगता है कि अभी इससे उतना फर्क नहीं पड़ता. मेरे लिए, यह अधिक महत्वपूर्ण है कि जब आप मैदान पर उतरते हैं, बल्लेबाजी करने जाते हैं, तो आप टीम को कैसे जिता सकते हैं, अपना योगदान कैसे दे सकते हैं.'
रोहित, विराट का साथ भाग्य की बात
"मैं खुद को बेहद भाग्यशाली महसूस करता हूं. विराट भाई शायद दुनिया के सबसे अच्छे वनडे बल्लेबाज हैं,और रोहित भाई दुनिया के सबसे अच्छे वनडे ओपनर हैं. फिर इन दोनों खिलाड़ियों और उनके अनुभव, और उनके द्वारा साझा किए गए पलों का टीम में होना बहुत बड़ी बात है. हम वास्तव में टीम में उनका होना पसंद करते हैं. उनका अनुभव हमारे लिए बहुत मूल्यवान है.' वहीं, दोनों दिग्गजों से सलाह लेने पर गिल बोले, 'मैं इन दोनों से ही नहीं, बल्कि केएल और अय्यर से भी सलाह लेता हूं. मुझे सबकी राय लेना पसंद है. फिर मैं खुद को तौलता हूं कि मेरे से क्या छूट गया, लेकिन ज्यादातरम समय ज्यादातर समय ऐसा होता है कि अगर वे कुछ सुझाव देने आते हैं, तो मैंने उसके बारे में सोच रखा होता है. अगर मैंने इसके बारे में नहीं सोचा है, तो मैं सोचता हूं कि उनके विचार क्या हैं, उनकी राय क्या हैं.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं