ICC ODI and Test Rankings: भारतीय कप्तान शुभमन गिल बुधवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की वनडे में बल्लेबाजों की रैंकिंग में तीन पायदान ऊपर दूसरे स्थान पर पहुंच गए, जबकि न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी भारत के जसप्रीत बुमराह के साथ टेस्ट क्रिकेट में दुनिया के नंबर एक गेंदबाज बन गए हैं. गिल अब न्यूजीलैंड के डैरिल मिशेल से केवल 24 रेटिंग अंक पीछे हैं. भारतीय कप्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ हाल में समाप्त हुई तीन मैचों की वनडे श्रृंखला में अच्छा प्रदर्शन किया था जिसका उन्हें फायदा मिला है. उन्हें अंतिम मैच में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला लेकिन उन्होंने पहले दो मैचों में 84 और 154 रन बनाए थे.
ईशान किशन बल्लेबाजी रैकिंग में 21 पायदान ऊपर 43वें स्थान पर पहुंच गए हैं. भारतीय गेंदबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करने का इनाम मिला है. अर्शदीप सिंह 16 स्थान ऊपर 22वें, प्रसिद्ध कृष्णा 34 पायदान ऊपर 58वें और ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर 17 स्थान ऊपर संयुक्त रूप से 71वें स्थान पर पहुंच गए.
विराट कोहली मांसपेशियों में खिंचाव के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ श्रृंखला में नहीं खेल पाए थे. इससे उन्हें नुकसान हुआ और वह तीसरे स्थान पर खिसक गए. रोहित शर्मा चौथे स्थान पर बने हुए हैं. श्रेयस अय्यर एक स्थान ऊपर 14वें स्थान पर पहुंच गए, जबकि केएल राहुल दो स्थान नीचे 11वें स्थान पर खिसक गए.
इसी बीच इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड की 253 रन की जीत में 10 विकेट लेने वाले हेनरी के बुमराह के बराबर अंक हो गए हैं और वे संयुक्त रूप से नंबर एक स्थान पर हैं. जैक कोवी और रिचर्ड हैडली के बाद 36 वर्षों में पहली बार न्यूजीलैंड का कोई तेज गेंदबाज शीर्ष पर पहुंचा है. इंग्लैंड के कार्यवाहक कप्तान जो रूट फिर से टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं