विज्ञापन

आखिरकार श्रेयस को कैसे मिला उनका श्रेय, सरपंच बन गए टीम इंडिया के कप्तान, गद्दी से उतरे SKY

श्रेयस अय्यर को भारतीय टीम का नया टी20 कप्तान बनाया गया है. उनसे पहले इस पद पर सूर्यकुमार यादव काबिज थे. सूर्या की देखरेख में टीम ने 2026 का टी20 खिताब जीता था.

आखिरकार श्रेयस को कैसे मिला उनका श्रेय, सरपंच बन गए टीम इंडिया के कप्तान, गद्दी से उतरे SKY
श्रेयस अय्यर बने टीम इंडिया के नए टी20 कप्तान

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI की एपेक्स काउंसिल की बैठक में आज आखिरकार अधिकारियों ने टीम इंडिया के नए टी20 कप्तान को लेकर अपना फैसला सुना दिया. आईपीएल खिताब विजेता कप्तान 'सरपंच साहब' श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) को आखिरकार उनके कमाल के निजी प्रदर्शन और शानदार कप्तानी और जबरदस्त टीममैन होने का इनाम देते हुए उन्हें टीम इंडिया का अगला टी20 कप्तान बना दिया. 

टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव को अपने लगातार लंबे समय तक बुरे फ़ॉर्म में होने की वजह से कप्तानी से हाथ धोना पड़ा. 35 साल के सूर्यकुमार यादव के लिए अब आगे टीम में बने रहना भी मुश्किल नजर आता है. शनिवार को जब चयनकर्ता और कोच टीम के कप्तान के साथ अगली टीमों का चुनाव करेंगे तो श्रेयस अय्यर बतौर उस बैठक में शामिल होंगे.

टीममैन श्रेयस की कप्तानी ने किया कायल

मिडिल ऑर्डर बैटर और बेहद शानदार फ़ील्डर सरपंच अलग-अलग टीमों में कमाल के टीममैन और उम्दा कप्तान साबित हुए हैं. वो IPL में दिल्ली, कोलकाता नाइट राइडर्स KKR और पंजाब टीमों के कप्तान रहे हैं  और इन टीमों का कामयाबी से नेतृत्व कर सबको अपना लोहा मनवाया है. 

IPL 2020 में बतौर कप्तान वो दिल्ली की टीम को पहली बार फ़ाइनल तक पहुंचाने में कामयाब रहे. उस फ़ाइनल में उन्होंने 50 गेंदों पर 65 रनों की पारी खेली लेकिन आख़िरकार मुंबई ने आईपीएल 2020 का ख़िताब जीत लिया. 

IPL 2024 में उन्होंने कोलकाता टीम की कप्तानी संभाली. उनकी कप्तानी में कोलकाता ने हैदराबाद को फ़ाइनल में 8 विकेट से हराकर तीसरी बार ख़िताब जीता. IPL 2020 में श्रेयस अय्यर ने 519 रन तो IPL 2024 में 147 के स्ट्राइक रेट से 351 रन बनाए. 

अगले ही सीज़न IPL 2025 में कप सरपंच ने 6 हाफ़ सेंचुरी और 175 के स्ट्राइक रेट से 604 रन बना डाले. एक्सपर्ट्स उनकी कप्तानी, टीम भावना और उनकी निजी पारियों की तारीफ़ करते रहे. पंजाब ने 2025 में फ़ाइनल तक का सफ़र किया. 

IPL 2026 में भी पंजाब की टीम ने कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में धमाकेदार शुरुआत की. लेकिन इस बार ये टीम पांचवें नंबर पर रहीऔर प्लेऑफ़ का सफ़र नहीं कर पाई. मगर श्रेयस अय्यर 169 के स्ट्राइक रेट से 1 शतक और 5 अर्द्धशतक के सहारे 498 रन बनाए. 

श्रेयस जूझती हुई टीम में भी बैटिंग, कमाल की फ़ील्डिंग और लीडरशिप के ज़रिये अपनी टीम को मोटिवेट करते रहे. इसी आईपीएल में श्रेयस अय्यर के मुंबई के ख़िलाफ़ एक ‘टीम-कैच' (श्रेयस के बाउंड्री के बाहर से असिस्ट पर ज़ेवियर बार्टलेट ने लपका हार्दिक पांड्या का कैच) की तारीफ़ जॉन्टी रोड्स और सचिन तेंदुलकर से लेकर दुनिया भर के दिग्गजों ने की.

टीम इंडिया का भरोसेमंद सरपंच 

श्रेयस अय्यर अबतक 51 अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैचों में टीम इंडिया की नुमाइंदगी कर चुके हैं. इन 51 मैचों में उन्होंने 136 के स्ट्राइक रेट से 8 हाफ़ सेंचुरी और नाबाद 74 के बेस्ट स्कोर के साथ 1104 रन बनाये हैं. श्रेयस ने 14 टेस्ट और 76 वनडे मैचों में भी टीम इंडिया की ब्लू जर्सी पहनने का गौरव हासिल किया है.  

शनिवार यानी 6 जून से टीम इंडिया अफग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ 1 टेस्ट और 3 वनडे मैचों की सीरीज़ खेलेगी. इसके तुरंत बाद भारत को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स में टी-20 और वनडे फ़ॉर्मैट के कई मैच खेलने हैं. 

उनके कोच और पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रवीण आमरे उनकी कप्तानी और उनके नंबर 3 पर बल्लेबाज़ी की हमेशा से तारीफ़ करते रहे हैं. वो पहले से कहते रहे हैं कि श्रेयस एक सिंपल मगर थिंकिंग क्रिकेटर हैं जिनमें नैचुरली यानी स्वाभाविक रूप से लीडरशिप की क्षमता है. 

BCCI एपेक्स कमिटी में हुआ फैसला

बीसीसीआई (BCCI) की एपेक्स कमिटी की ऑनलाइन बैठक में ये फ़ैसला इसलिए लिया गया क्योंकि टीम इंडिया को चुनने के लिए चयन समिति की कल  शनिवार को बैठक होनी है. अब इस बैठक में पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर चयनकर्ताओं के साथ बैठकर टीम चुनेंगे. 

क्या है BCCI की एपेक्स कमिटी? 

BCCI एपेक्स काउंसिल, क्रिकेट बोर्ड की प्रमुख गवर्निंग बॉडी सबसे बड़ी प्रशासनिक समिति है जिसका काम नीतियां बनाने, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की देखरेख करने के साथ बोर्ड के फ़ाइनेंशियल (वित्तीय) और प्रशासनिक मामलों को मैनेज करना होता है. परिषद में 9 सदस्यों की समिति होती है, जिसमें निर्वाचित पदाधिकारी, एक CAG प्रतिनिधि, और भारतीय क्रिकेटर्स एसोसिएशन (ICA) के नुमाइंदे शामिल होते हैं. 

BCCI की मौजूदा एपेक्स काउंसिल में निर्वाचित पदाधिकारी और मनोनीत सदस्य दोनों शामिल होते हैं. ये काउंसिल इस तरह की है- 

अध्यक्ष: मिथुन मन्हास
उपाध्यक्ष: राजीव शुक्ला
सचिव: देवजीत सैकिया
संयुक्त सचिव: प्रभतेज भाटिया
कोषाध्यक्ष: ए. रघुराम भट
काउंसलर: जयदेव शाह
CAG नॉमिनी: डी. जयशंकर
CA प्रतिनिधि: सुधा शाह (महिला) और वंकिना चामुंडेश्वरा नाथ (पुरुष)

टीम इंडिया अगली अहम सीरीज

भारत बनाम अफगानिस्तान - 1 टेस्ट - 6-10 जून 2026 - भारत
भारत बनाम अफगानिस्तान - 3 वनडे - 13-20 जून 2026 - भारत
भारत बनाम आयरलैंड - 2 टी20 - 26-28 जून 2026 - आयरलैंड
भारत बनाम इंग्लैंड - 5 टी20 - 1-11 जुलाई 2026 - इंग्लैंड 
भारत बनाम इंग्लैंड - 3 वनडे - 14-19 जुलाई 2026 - इंग्लैंड

यह भी पढ़ें- श्रेयस अय्यर बने भारत के नए टी-20 कप्तान, एपेक्स काउंसिल ने लगाई मुहर-सूत्र

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com