- आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा
- प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए आठ खिलाड़ियों को नामित किया गया है जिसमें भारत से केवल संजू सैमसन को जगह मिली है
- भारत के ईशान किशन और जसप्रीत बुमराह को इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल नहीं किया गया है
Why Only Sanju Samson in ICC Player of the Tournament Nominee: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने आखिरी पड़ाव पर है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार 8 मार्च को जब भारत-न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे तो पता चल जाएगा कि न्यूजीलैंड का खिताबी सूखा खत्म होता है या फिर भारत इतिहास रचने में कामयाब होता है. आज तक कोई भी टीम अपने खिताब का बचाव नहीं कर पाई है. कोई टीम अपने घर पर चैंपियन नहीं बनी है. कोई टीम तीन बार क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में चैंपियन नहीं बनी है. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम इस बार इतिहास रचती है या नहीं. हालांकि, इस खिताबी मुकाबले से पहले आईसीसी से भारतीय फैंस चौंक गए हैं.
मुंबई के वानखेड़े में भारत ने जैसे ही रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को हराया और खिताबी मुकाबले में जगह बनाई, उसके कुछ देर बाद ही आईसीसी ने टी20 विश्व कप के 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' के लिए खिलाड़ियों का नॉमिनेशन जारी किया. इस लिस्ट में कुल 8 खिलाड़ी हैं, लेकिन हैरानी की बात है कि भारत से केवल संजू सैमसन को ही जगह मिली है. भारतीय टीम फाइनल तक पहुंची है, टीम इंडिया के लिए ईशान किशन सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, बुमराह जैसे चैंपियन गेंदबाज हैं, जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में अपने एक ही ओवर में पूरा मैच पलट दिया, लेकिन जगह मिली सिर्फ एक भारतीय को.
आईसीसी ने संजू सैमसन के साथ जिन अन्य खिलाड़ियों को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है उनमें इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स, पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान, दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी और कप्तान एडन मार्क्रम, न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रविंद्र और बल्लेबाज टिम सीफर्ट और अमेरिकी गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक शामिल हैं.
अमेरिकी गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक ने टूर्नामेंट में 13 विकेट झटके हैं, जबकि भारतीय दिग्गज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने जारी टूर्नामेंट में 7 मैचों में 10 विकेट हैं. वहीं अर्शदीप सिंह के इतने ही मैचों में 9 शिकार किए हैं. बुमराह फाइनल में 4 विकेट लेते हैं तो वह टूर्नामेंट के टॉप विकेटटेकर हो सकते हैं, जबकि 3 विकेट लेने के बाद संयुक्त रूप से पहले स्थान पर होंगे, फिर भी उन्हें जगह नहीं मिली है.
ईशान किशन, जिन्होंने 8 मैचों में 32.87 की औसत और 189.20 की स्ट्राइक रेट से 263 रन बनाए हैं, उनका नाम भी लिस्ट में नहीं है. ईशान भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उन्होंने 77 रन बनाए थे. जारी टूर्नामेंट में उनके नाम 2 अर्द्धशतक है. वहीं भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 242 बनाए हैं और वो भी लिस्ट में नहीं है. जबकि संजू सैमसन ने 232 बनाए हैं. भारत को हर मैच में एक हीरो मिला है. लेकिन फिर भी एक खिलाड़ी का होना सवाल खड़े करता है. जबकि टीम इंडिया फाइनल में है.
आईसीसी का यह फैसला इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि न्यूजीलैंड के दो खिलाड़ी इस लिस्ट में है. न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रविंद्र ने बल्ले और गेंद दोनों से अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है. उन्होंने अब तक आठ मैचों में 128 रन बनाए हैं और 11 विकेट लिए हैं. जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज सीफर्ट ने आठ मैचों में 274 रन बनाए हैं और वो भी इस लिस्ट में है.
यह भी पढ़ें: IND vs NZ Final: फाइनल से पहले सूर्यकुमार यादव-गौतम गंभीर का बढ़ा सिरदर्द, इन खिलाड़ियों की फॉर्म चिंता का विषय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं