विज्ञापन

LSG vs KKR: IPL में संभल एक्सप्रेस मोहसिन ख़ान ने मारा पंजा, बेस्ट फॉर्म में उगल रहे हैं आग- टीम इंडिया के लिए हो गए हैं पूरी तरह तैयार

Mohsin Khan 5 Wicket Haul, LSG vs KKR, IPL 2026: लखऊन सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने इकाना स्टेडियम में कहर बरपाया. उन्होंने 4 ओवर में 23 रन देकर 5 विकेट झटके.

LSG vs KKR: IPL में संभल एक्सप्रेस मोहसिन ख़ान ने मारा पंजा, बेस्ट फॉर्म में उगल रहे हैं आग- टीम इंडिया के लिए हो गए हैं पूरी तरह तैयार
Mohsin Khan 5 Wicket Haul vs Kolkata Knight Riders

Mohsin Khan 5 Wicket Haul vs Kolkata Knight Riders: लखनऊ में गर्मी का मौसम आग उगल रहा है. लेकिन उससे भी ज़्यादा गर्मी लखनऊ के इकाना स्टेडियम में महसूस की जा रही है जहां घरेलू पिच पर लखनऊ के बांये हाथ पेसर मोहसिन ख़ान ने आग उगलते हुए कोलकाता के ख़िलाफ़ 4 ओवरों में 1 मेडन रखते हुए सिर्फ़ 23 रन देकर 5 विकेट झटके. मोहसिन के लिए ये आईपीएल का बेस्ट सीज़न साबित हो रहा है. चोट से वापसी करते हुए मोहसिन घातक बन गये हैं और सभी टीमों के बैटर्स को उनके ख़िलाफ़ अच्छी मशक्कत करनी पड़ रही है. 

इस सीज़न अबतक के चार मैचों में उन्होंने दिल्ली के ख़िलाफ़ 1/19, पंजाब के ख़िलाफ़ 1/43, राजस्थान के ख़िलाफ़ 2/43 और कोलकाता  के ख़िलाफ़ 5/23 विकेट अपने नाम किये हैं. आईपीएल में लखनऊ के लिए 4 ओवरों में 5 विकेट लेने का कारनामा करनेवाले वो तीसरे खिलाड़ी (मोहसिन 5/23 , मार्क वुड 5/14 और यश ठाकुर 5/30) बन गए हैं.

क्यों मोहसिन हो गए हैं घातक?  

लखनऊ बनाम कोलकाता मैच में STAR SPORTS पर कॉमेन्ट्री के दौरान पूर्व भारतीय तेज़ गेंदबाज़ उमेश यादव मोहसिन ख़ान की गेंदबाज़ी को डिकोड करते हुए कहते हैं, “मोहसिन ख़ान की गेंदबाज़ी के साथ अच्छी बात ये है कि वो अपनी हाइट (अपने कद 6 फ़ीट 3 इंच) का भी फ़ायदा उठा रहे हैं. वो गेंद डालने के बाद बॉल को फ़ॉलो करते हैं जिसकी वजह से उन्हें एक्स्ट्रा पेस और बाउंस मिलता है. उनका बैलेंस बना रहता है. दूसरे गेंदबाज़ भी ऐसी कोशिश करते हैं. लेकिन गेंद डालने के बाद मोहसिन का हेड पोज़ीशन और बैलेंस उनकी गेंदबाज़ी को बेहतर करता है.” 

मैच में STAR SPORTS पर कॉमेन्ट्री के दौरान पूर्व ऑलराउंडर और IPL के सुपरस्टार सुरेश रैना कहते हैं,"मोहसिन के साथ अच्छी बात ये है कि वो चीज़ों को सिंपल रखते हैं. बहुत ज़्यादा यॉर्कर या कुछ अलग करने की कोशिश नहीं करते. अपने स्ट्रेंथ पर बॉलिंग करते हैं, इसलिए कामयाब हैं."

Latest and Breaking News on NDTV

वैभव सूर्यवंशी का भी किया शिकार!

सिर्फ़ चार दिनों पहले मोहसिन ख़ान ने राजस्थान के ख़िलाफ़ सुपरफॉर्म में खेल रहे 15 साल के वंडरकिड वैभव सूर्यवंशी का शिकार कर भी सबको अपना लोहा मनवाया. राजस्थान के ख़िलाफ़ उस मैच के चौथे ओवर में 6 फुट 3 इंच के बांये हाथ के पेसर मोहसिन ख़ान ने वैभव का अपने स्पीड से इम्तिहान लेना शुरू कर दिया. मैच के चौथे ओवर में मोहसिन ख़ान ने कम से कम तीन गेंदें 140+ किमी/ घंटा के स्पीड से गेंदबाज़ी की. मोहसिन ने अपने उस ओवर की आख़िरी गेंद भी 142 किमी/घंटा के स्पीड से एक फुलर लेंथ की गेंद डाली और मगर दिग्वेश राठी ने वैभव का शानदार कैच लेकर उनकी पारी ख़त्म कर दी थी. 

टीम इंडिया में चयन के लिए तगड़ी दावेदारी

आईपीएल के फ़ौरन बाद टीम इंडिया को अफ़ग़ानिस्तान और आयरलैंड के ख़िलाफ़ मैच खेलने हैं. ज़ाहिर है इस शानदार प्रदर्शन के बाद मोहसिन ख़ान की दावेदारी टीम इंडिया के लिए बेहद मज़बूत हो गई है.  

लखनऊ के ही धाकड़ गेंदबाज़ टीम इंडिया के दिग्गज पेसर मो. शमी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद से ही चयनकर्ताओं को मैदान और मैदान के बाहर से संदेश देते रहे हैं. उत्तर प्रदेश के संभल के 27 साल के छह फ़ुट से लंबे बांये हाथ के फ़ास्ट बॉलर मोहसिन ख़ान भी टीम इंडिया के लिए दस्तक दे रहे हैं. 

IPL में लगातार बेहतर प्रदर्शन

लखनऊ ने उन्हें 2026 के ऑक्शन में 4 करोड़ की रकम के साथ रिटेन किया और वो एकदम फ़िट और शार्प नज़र आ रहे हैं, संभवत: अपने करियर के बेस्ट फ़ॉर्म में.  आईपीएल के अपने पहले साल 2022 में उन्होंने 6 से कम की इकॉनमी रखते हुए (5.96 की इकॉनमी) 14 विकेट झटके थे और वर्ल्ड कप की टीम के लिए मज़बूत दावेदार माने जा रहे थे. मोहसिन पावरप्ले और डेथ ओवर में अपने वैरिएशंस के लिए भी जाने जाते हैं. लिस्ट-A में 27 रन देकर उन्होंने 6 विकेट लेने का रिकॉर्ड भी बनाया है. 

IPL 2026 में राजस्थान के ख़िलाफ़ मोहसिन ने वैभव सूर्यवंशी और शिमरन हेटमायर के विकेट अपने नाम किये जबकि कोलकाता के ख़िलाफ़ अपना बेस्ट प्रदर्शन करते हुए 23 रन देकर 5 विकेट झटके. इस तरह अबतक खेले गए इस सीज़न के 4 मैचों में मोहसिन के नाम अब 6.38 की इकॉनमी के साथ कुल 9 विकेट हो गए हैं.

यह भी पढ़ें: LSG vs KKR IPL 2026: अंगकृष रघुवंशी आउट या नॉट आउट? अंपायर ने दिया ऑब्स्ट्रक्टिंग द फ़ील्ड, फैसले से मचा बवाल

यह भी पढ़ें: CSK Play off Equation: चेन्नई सुपर किंग्स को मिली 5वीं हार, अब कैसे करेगी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com