आईपीएल 2026 का 43वां मैच सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया. दिल्ली कैपिटल्स ने ये मुकाबला 7 विकेट से जीता. दिल्ली को राजस्थान के खिलाफ मिली ये जीत विशेष और ऐतिहासिक है. राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रन बनाए थे. इसके जवाब में दिल्ली ने 5 गेंद रहते ही मैच अपने नाम किया. दिल्ली की जीत के हीरो केएल राहुल रहे, जिन्होंने 75 रनों की पारी खेली. इस जीत के साथ ही दिल्ली के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें भी बनी हुई हैं.
दिल्ली के लिए विशेष जीत
यह दिल्ली की आईपीएल इतिहास की लक्ष्य का पीछा करते हुए यह सबसे बड़ी जीत है. दिल्ली आईपीएल के 19 सालों के इतिहास में ऐसा कभी नहीं कर पाई थी. इससे पहले रन चेज की उसकी सबसे बड़ी जीत लखनऊ के खिलाफ आई थी, जब उसने विशाखापत्तनम में 210 रन का लक्ष्य हासिल किया था. जबकि 2017 में उसने गुजरात के खिलाफ 209 रनों के लक्ष्य को हासिल किया था. वहीं यह आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ किसी भी टीम की रनचेज में दूसरी सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले इसी सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद ने 229 के लक्ष्य का सफल पीछा किया था.
IPL में दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे ज़्यादा सफल चेज़
- 226 vs RR, जयपुर, 2026*
- 210 vs LSG, विज़ाग, 2025
- 209 vs GL, दिल्ली, 2017
- 207 vs PBKS, जयपुर, 202
मैच पर नजर डालें तो राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. पराग के 50 गेंदों पर बनाए 90 रन, डोनोवन फरेरा के 14 गेंदों पर बनाए 47 रन और ध्रुव जुरेल के 32 गेंदों पर बनाए 42 रन की मदद से राजस्थान ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 225 रन बनाए थे. दिल्ली कैपिटल्स ने केएल राहुल के 40 गेंदों पर 75, निसांका के 33 गेंदों पर 62 और नितीश राणा के 17 गेंदों पर 33 रन की मदद से 19.1 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 226 रन बनाकर मैच 7 विकेट से जीता.
आईपीएल 2026 की शुरुआत लगातार 2 जीत के साथ करने वाली दिल्ली अगले 7 मैचों में से 5 मैच गंवाकर एक बार फिर से प्लेऑफ से बाहर होने के कगार पर है. राजस्थान के खिलाफ दिल्ली की जीत लगातार 3 हार के बाद मिली है. दिल्ली फिलहाल 9 मैचों में 4 जीत के साथ 8 अंक लेकर अंकतालिका में छठे स्थान पर है.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: जीत ने दिया दिल्ली को भरोसा, क्या मिल पाएगा यहां से प्ले-ऑफ का टिकट, जानें क्या है रास्ता?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं