RCB vs GT IPL 2026 Final, Head to Head Record: आइपीएल के इस सीजन के कुल 70 लीग मैचों, एलिमिनेटर और दो क्वालीफायर के लंबे सफर के बाद आखिरकार आईपीएल 2026 के फाइनल की दो सबसे बेस्ट टीमें तय हो चुकी हैं. आज शाम अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस की टीमें आमने-सामने होंगी. दोनों ही टीमों की नजरें अपनी दूसरी आईपीएल ट्रॉफी जीतने पर टिकी हैं. टॉस शाम 7:00 बजे होगा और मैच 7:30 बजे से शुरू होगी.
RCB vs GT हेड टू हेड रिकॉर्ड
जब बात आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच आपसी मुकाबलों की आती है, तो मैदान पर हमेशा कांटे की टक्कर देखने को मिली है. आईपीएल इतिहास में ये दोनों टीमें अब तक कुल 9 बार (RCB vs GT IPL Head to Head Record) एक-दूसरे के खिलाफ खेली हैं. इन 9 मैचों के आंकड़े कुछ इस प्रकार हैं. आरसीबी ने 5 मैच जीते हैं वहीं गुजरात टाइटंस ने 4 मैच अपने नाम किया है.
आरसीबी का पलड़ा गुजरात के खिलाफ कितना भारी?
आंकड़ों से साफ है कि आरसीबी का पलड़ा गुजरात के खिलाफ बेहद मामूली अंतर से भारी है. गुजरात टाइटंस जहां अपने घरेलू मैदान का फायदा उठाकर हिसाब बराबर करना चाहेगी, वहीं पिछले साल की चैंपियन आरसीबी अपने इस विजयी रिकॉर्ड को और मजबूत करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. कुल मिलाकर क्रिकेट फैंस को आज रात एक हाई-वोल्टेज फाइनल मैच देखने को मिलने वाला है.
पहले क्वालिफायर में आरसीबी, जीटी पर हावी रही थी. पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 254 रन लगाए थे. टीम की ओर से रजत पाटीदार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 33 गेंदों में 93 रनों की तूफानी पारी खेली थी. वहीं, क्रुणाल पांड्या ने 43 और विराट कोहली ने महज 25 गेंदों में 43 रनों की दमदार पारी खेली थी. हालांकि, इसके जवाब में गुजरात टाइटंस की पूरी टीम सिर्फ 162 रन बनाकर सिमट गई थी. जीटी की तरफ से राहुल तेवतिया ने सर्वाधिक 68 रन बनाए थे. ऐसे में जीटी पहले क्वालीफायर में मिली हार का हिसाब चुकता करना चाहेगी.
गुजरात टाइटंस को मिल सकता है अपने घरेलू मैदान का फायदा
गुजरात टाइटंस को अपने घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा भी मिल सकता है. इसके साथ ही शुभमन गिल की अगुवाई में जीटी राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ दूसरे क्वालीफायर में धमाकेदार जीत दर्ज करके फाइनल में पहुंची है. शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए आरआर के खिलाफ 53 गेंदों में 104 रनों की लाजवाब पारी खेली थी, जबकि साई सुदर्शन ने 32 गेंदों में 58 रन बनाए थे.
दूसरी ओर, आरसीबी के लिए पहले क्वालीफायर में सब कुछ सही घटा था. कोहली और कप्तान रजत के बल्ले से अहम रन निकले थे, तो क्रुणाल पांड्या ने भी अहम योगदान दिया था. वहीं, गेंदबाजी में जैकब डफी और भुवनेश्वर कुमार का प्रदर्शन दमदार रहा था. डफी ने 3 विकेट अपने नाम किए थे, जबकि भुवनेश्वर ने 2 विकेट चटकाए थे. वहीं, रसिख सलाम और क्रुणाल पांड्या भी गेंद से छाप छोड़ने में सफल रहे थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं