Virat Kohli vs Shubman Gill, RCB vs GT IPL 2026 Final: IPL 2026 के चमकते ताज के लिए आज किंग अपनी सेना के साथ प्रिंस की फ़ौज से भिड़ेंगे. डिफेंडिंग चैंपियन बैंगलोर के सुपरस्टार विराट कोहली डबल धमाल की रणनीति तैयार कर चुके हैं तो टीम इंडिया के प्रिंस- शुभमन गिल एक अलग ही मिशन पर हैं. राजस्थान के ख़िलाफ़ पिछले ही मैच में शानदार शतक लगाकर गिल ने गुजरात के बेहद ख़तरनाक होने के संकेत दिए हैं. बैंगलोर और गुजरात की जंग इस बात का भी फ़ैसला करेगी कि किंग अपने ताज पर एक और हीरा जड़ेंगे या प्रिंस बतौर कप्तान IPL का ताज अपने सर रखकर भारतीय टी-20 क्रिकेट में फिर से अपने रौब का ऐलान करेंगे.
कोहली और गिल के एक जैसे आंकड़े
राजस्थान के ख़िलाफ़ बेहद दबाव भरे मैच में रिकॉर्ड रन चेज़ करते हुए कप्तान शुभमन गिल ने 200 से ज़्यादा के स्ट्राइक रेट से 47 गेंदों पर एक क्लासि शतक जमा डाला. राजस्थान के ख़िलाफ़ गुजरात ने इस जीत के सहारे अपने पांच सीज़न में IPL के तीसरे फ़ाइनल में कदम रखा लिया है और ये टीम और भी ख़तरनाक नज़र आ रही है.
दो हफ़्ते पहले किंग कोहली ने भी रायपुर में सीज़न का पहला और आईपीएल का 9वां शतक जमाकर अपने इरादे ज़ाहिर कर दिये थे. किंग और प्रिंस के बीच कांटे की टक्कर नज़र आती है. कमाल की बात है कि इस बार 37 साल के विराट ने इस सीज़न 600 तो 27 साल के शुभमन ने 722 रन जोड़े हैं. विराट 165 के स्ट्राइक रेट से तो गिल 164 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग कर रहे हैं. इस सीज़न विराट के नाम एक शतक और 4 अर्द्धशतक रहे हैं तो गिल के नाम 1 शतक और 6 अर्द्धशतक.
IPL 2026: किंग VS प्रिंस
विराट शुभमन
रन - 600 722
स्ट्राइक रेट- 165 164
100/50 - 1/4 1/ 6
6/4- 64/22 72/33
टॉप ओपनर्स की टक्कर
गुजरात और बैंगलोर दोनों के ओपनर्स धमाकेदार हैं. बैंगलोर में विराट के अलावा फ़िल साल्ट की वापसी की बातें कही जा रही हैं. तो, वेंकटेश अय्यर से लेकर देवदत्त पडिक्कल, टिम डेविड ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या और बेहद अहम कप्तान रजत पाटीदार के सहारे ये टीम कोई भी स्कोर चेज़ कर सकती है. गुजरात में गिल-साई सुदर्शन और बटलर की तिकड़ी के अलावा वाशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया के साथ कोच नेहराजी की स्ट्रैटेजी भी अबतक खूब काम आई है. गुजरात की टीम पैनिक में आती नहीं दिखती.
बैंगलोर के बवाल गेंदबाज़
इस सीज़न 26 विकेट लेनेवाले भुवनेश्वर कुमार अलग ही गेंदबाज़ नज़र आ रहे हैं. भुवी के अलावा बैंगलोर में जॉश हेज़लवुड का जलवा है तो क्रुणाल पांड्या, रसिख़ सलाम और सुयश शर्मा गेंदबाज़ी यूनिट को सॉलिड बना देते हैं.
गुजरात की बैलेंस्ड और धारदार गेंदबाज़ी
गुजरात के पास बैंगलोर के हर दांव का जवाब नज़र आता है. सीज़न में सबसे ज़्यादा विकेट लेनेवाले कागिसो राबाडा, मो. सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, जेसन होल्डर और सुपर स्पिनर राशिद ख़ान की बॉलिंग यूनिट बड़े मैच जिताने का माद्दा रखती है. घरेलू मैदान पर बैंगलोर को टक्कर देना गुजरात के लिए एक अतिरिक्त बोनस साबित हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं