विज्ञापन

कप्तान रजत पाटीदार ने भुवनेश्वर कुमार को नहीं, इस खिलाड़ी को बताया जीत का असली हीरो

Rajat Patidar on RCB Match X-Factor vs MI IPL 2026: रजत ने एमआई (MI) को 166 रनों के टोटल पर रोकने के लिए आरसीबी (RCB) के गेंदबाजों की तारीफ की. उन्होंने कहा कि टीम के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया.

कप्तान रजत पाटीदार ने भुवनेश्वर कुमार को नहीं,  इस खिलाड़ी को बताया जीत का असली हीरो
Rajat Patidar on RCB Match X-Factor vs MI IPL 2026:

Rajat Patidar on RCB Match X-Factor vs MI IPL 2026: आईपीएल 2026 के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रविवार को मुंबई इंडियंस को 2 विकेट से हराया. रोमांच से भरे मुकाबले में आरसीबी ने आखिरी जीत पर दर्ज की. सीजन की सातवीं जीत का श्रेय कप्तान रजत पाटीदार ने क्रुणाल पांड्या को दिया. एमआई के खिलाफ मिली जीत के बाद आरसीबी के कप्तान ने कहा, "मुझे लगता है कि अब मेरी पल्स सामान्य है, लेकिन यह बहुत कड़ा मैच था. कुल मिलाकर यह शानदार मुकाबला रहा और खासतौर पर क्रुणाल पांड्या ने शानदार प्रदर्शन किया. वह हमारी इस जीत के सूत्रधार रहे."

क्रुणाल को नंबर पांच पर बल्लेबाजी करने के फैसले पर रजत ने कहा, "मुझे लगता है कि यह हमारा (टीम का) फैसला था. मुझे लगता है कि हमने टीम मीटिंग वगैरह में इस पर बात की है. हम जानते हैं कि वह इस तरह की पारियां खेल सकते हैं. वह पहले भी नंबर पांच पर खेल चुके हैं. हालांकि, हम उन्हें नंबर पांच पर खेलने का मौका देना चाहते थे और उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया. क्रुणाल के पास काफी अनुभव है और वह बड़े स्टेज या फिर दबाव भरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हैं."

भुवनेश्वर ने इस मुकाबले में अपनी गेंदबाजी से हर किसी को खासा प्रभावित किया. उन्होंने 23 रन देकर 4 विकेट निकाले. भुवनेश्वर के स्पेल पर बात करते हुए रजत ने कहा, "मुझे लगता है कि यह अविश्वसनीय है. मेरे हिसाब से जिस तरह से उन्होंने (भुवनेश्वर) गेंद पर अपना कंट्रोल बनाए रखा वो शानदार था. दूसरे पेस वाले इस तरह के विकेट पर यह करना आसान नहीं होता है. मुझे लगता है कि भुवनेश्वर को खेलना काफी कठिन है."

रजत ने एमआई को 166 रनों के टोटल पर रोकने के लिए आरसीबी के गेंदबाजों की तारीफ की. उन्होंने कहा कि टीम के गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. हालांकि, उन्होंने माना कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मजबूत बल्लेबाजी क्रम को देखते हुए इस लक्ष्य को आसानी से चेज किया जाना चाहिए था. पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 166 रन लगाए. हालांकि, आरसीबी 167 रनों के लक्ष्य को मैच की आखिरी गेंद पर चेज करने में सफल रही. इस जीत के साथ ही आरसीबी प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गई है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com