विज्ञापन

'टीम थोड़ी अजीब लगी, अगले साल भी होगी मुश्किल' मुंबई इंडियंस के खराब सीजन के बाद अश्विन ने कही ये बात

मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2026 एक खराब सीजन रहा. लीग स्टेज के बाद मुंबई अंक तालिका में नौंवे स्थान पर रही. बुमराह, हार्दिक, सूर्यकुमार यादव जैसे दिग्गज खिलाड़ी संघर्ष करते नजर आए.

'टीम थोड़ी अजीब लगी, अगले साल भी होगी मुश्किल' मुंबई इंडियंस के खराब सीजन के बाद अश्विन ने कही ये बात
Ashwin Statement Hardik Pandya Jasprit Bumrah Mumbai Indians IPL 2026 Campaign

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत से पहले मुंबई इंडियंस से फैंस को काफी उम्मीदें थीं. लेकिन फ्रेंचाइजी के लिए यह सीजन काफी खराब रहा. चाहे जसप्रीत बुमराह का विकेट न ले पाना हो, सूर्यकुमार यादव का बल्ले से खराब प्रदर्शन हो, या हार्दिक पांड्या की कप्तानी हो, ऐसे कई कारण थे जिनकी वजह से मुंबई प्वॉइंट्स टेबल में नंबर 9 पर रही. जले पर नमक छिड़कने वाली बात यह है कि मुंबई इस सीज़न का अपना आखिरी गेम राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ भी हार गई, जबकि एक समय वह मुकाबला जीतने की पूरी उम्मीद कर रही थी. मुंबई को अपने आखिरी मैच में जीत के लिए 34 गेंदों पर 60 रन चाहिए थे, लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण वे सिर्फ 175/9 पर ही सिमट गए. मुंबई के फैंस को उम्मीद होगी कि टीम अगले सीजन धमाकेदार वापसी करेगी, लेकिन पूर्व दिग्गज स्पिनर आर अश्विन को ऐसा नहीं लगता है. 

अपने रंग में नहीं दिखा कोई खिलाड़ी

एक समय मुंबई का स्कोर 148/5 था, और हार्दिक और सूर्यकुमार बल्लेबाजी कर रहे थे. उस समय ऐसा लग रहा था कि चेज़ सिर्फ़ एक फ़ॉर्मैलिटी है, लेकिन उसके बाद टीम के विकेट गिरने से मुसीबत खड़ी हो गई. अश्विन ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर एक वीडियो में मुंबई के सीजन का आकलन करते हुए कहा,"वानखेड़े स्टेडियम में, अगर आपको 34 गेंदों पर 60 रन चाहिए होते, तो मुझे लगता है कि मुंबई इंडियंस आमतौर पर इसे चेज़ कर लेती. लेकिन प्रॉब्लम यह थी... हां, यहीं पर चीज़ें गलत हो गईं. हार्दिक ने आज स्पिनरों के ख़िलाफ़ भी अच्छी बैटिंग की. अगर आपको याद हो, तो गुजरात टाइटन्स के लिए, हार्दिक नंबर चार या कभी-कभी नंबर पांच पर बैटिंग करते थे, और वह स्पिनरों की धुनाई करते थे."

अश्विन को लगता है कि हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इस साल काफी 'अजीब' दिखी है. कुछ खिलाड़ियों को चोट लगी और जब उन्होंने वापसी की तो अपने रंग में नहीं दिखे, जो अश्विन को एक बड़ी समस्या लगती है. अश्विन को लगता है कि अगर मुंबई के लिए अगला सीज़न भी इसी तरह खत्म होता है तो कोई हैरानी नहीं होगी.

"मुझे लगता है कि मैंने कमेंट्री बॉक्स में भी कहा था, हार्दिक को हार्ड-लेंथ बॉल से थोड़ी दिक्कत है. मुझे नहीं पता क्यों, थकान हो सकती है, चोट भी हो सकती है. मैंने पिछली बार भी इस बारे में कुछ कहा था. वह जोफ्रा आर्चर की एक छोटी, धीमी गेंद पर मिसहिट करते हुए आउट हो गया. मुझे लगता है कि खेल वहीं बदल गया क्योंकि हार्दिक और सूर्या की पार्टनरशिप ने इसे चेज़ कर लिया होता, लेकिन वे बस तेज़ी नहीं ला पाए."

अगले साल भी मुंबई का यही हाल होगा!

अश्विन ने आगे कहा,"यह मुंबई इंडियंस टीम थोड़ी अजीब लगी. मुझे नहीं पता. यह आसान नहीं हो सकता. उनकी क्वालिटी को देखते हुए, शायद वे अगले साल वापस आकर अच्छा खेल सकते हैं, लेकिन मुझे हैरानी नहीं होगी अगर उन्हें एक और साल मुश्किल लगे." उन्होंने कहा,"जिस तरह से उनकी टीम बनी है, उससे लगता है कि बहुत से लोग अपने बेस्ट फॉर्म में नहीं हैं. मुझे नहीं पता कि क्या है, लेकिन वे अपने बेस्ट फॉर्म में नहीं दिख रहे हैं. इसलिए, मैं इस साल हैरान था, लेकिन अगले साल मुझे हैरानी नहीं होगी. अगले साल, अगर मुंबई इंडियंस ठीक-ठाक परफॉर्मेंस भी देती है, तो भी मुझे हैरानी नहीं होगी. यह बहुत निराशाजनक परफॉर्मेंस रहा है."

अश्विन ने बुमराह को भी नहीं बख्शा, और इस साल उनके 100 से ज़्यादा के खराब बॉलिंग एवरेज पर ज़ोर दिया. अश्विन ने कहा,"जसप्रीत बुमराह आज भी नहीं खेल रहे थे. यह कभी आसान नहीं होने वाला था. राजस्थान को मैच हारना था, और राजस्थान जीत गई. मेरा मतलब है, क्रेडिट वहां दिया जाना चाहिए, जो डिजर्व करता हो. जसप्रीत बुमराह का नहीं खेलना भी पंजाब के लिए थोड़ी मदद की बात थी... रुको, क्या आप यह रिकॉर्ड जानते हैं? IPL के इतिहास में यह पहली बार है कि किसी बॉलर ने पूरा सीज़न खेला हो और उसका एवरेज 100 से ज़्यादा रहा हो, और वह जसप्रीत बुमराह हैं."

यह भी पढ़ें: केएल राहुल का बड़ा कारनामा, अर्द्धशतक जड़कर की रोहित के सुपर रिकॉर्ड की बराबरी, ऋषभ पंत भी निशाने पर

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के नाम हुआ एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड, T20 लीग में 15 की उम्र में कोई बल्लेबाज नहीं कर पाया था ऐसा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com