किस्मत कब किसकी बदल जाए, यह कहा नहीं जा सकता है. खासकर खेल में खिलाड़ियों की किस्मत ऐसी होती है जो एक पल में बदल जाती है. ऐसा ही कुछ सिद्धार्थ कौल के साथ हुआ है. कई क्रिकेट फ़ैन्स यह जानकर हैरान रह गए कि भारतीय क्रिकेट से दूर होने के बाद सिद्धार्थ कौल अब चंडीगढ़ में भारतीय स्टेट बैंक के साथ काम कर रहे हैं. भारत और सनराइज़र्स हैदराबाद के पूर्व तेज गेंदबाज़ ने घरेलू क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद SBI में फुल-टाइम नौकरी शुरू कर दी है. कौल कभी भारतीय घरेलू क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में से एक थे और उन्होंने विराट कोहली की कप्तानी में 2008 का अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी. बाद में उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व किया और IPL में, खासकर सनराइजर्स हैदराबाद के साथ काफी समय बिताया उन्हें अब एक बैंकर के तौर पर काम करते देख कई फैन्स पुरानी यादों में खो गए.

बैंकर के तौर पर काम कर रहे सिद्धार्थ कौल
सिद्धार्थ कौल पहली बार 2008 की अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के एक अहम सदस्य के तौर पर सुर्खियों में आए थे, जिसकी कप्तानी विराट कोहली ने की थी. अपनी तेज रफ़्तार और डेथ-बॉलिंग में अपनी उपयोगिता के लिए मशहूर कौल को एक दशक बाद सीनियर राष्ट्रीय टीम में जगह मिली, और आखिरकार उन्होंने 2018 से 2019 के बीच भारत के लिए 3 वनडे और 3 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले, हालांकि वह घरेलू क्रिकेट में पंजाब के लिए एक भरोसेमंद खिलाड़ी बने रहे. उन्होंने लगभग 300 फर्स्ट-क्लास विकेट लिए. लेकिन उन्हें उच्चतम स्तर पर उस तरह के मौके ज्यादा नहीं मिले. जिसके चलते उन्होंने साल 2024 के आखिर में आधिकारिक तौर पर भारतीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया और बैंकिंग सेक्टर में एक नई पारी की शुरुआत की.
करोड़ों का आईपीएल सफ़र
भले ही सिद्धार्थ कौल का इंटरनेशनल क्रिकेट में उनका सफर छोटा रहा, लेकिन आईपीएल में कौल का सफर बेहद ही शानदार रहा था. अपने आईपीएल 55 मैचों के करियर में उन्होंने 58 विकेट लिए, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/29 रहा।.
Office Time #sbi #thinking #wherelifetaking pic.twitter.com/bch88nST3A
— Siddharthh Kaul (@iamsidkaul) May 6, 2026
सिद्धार्थ कौल का IPL करियर:
- 2008 (कोलकाता नाइट राइडर्स): पहले ऑक्शन में ₹20 लाख में खरीदा गया, हालांकि उन्होंने इस सीजन में अपना डेब्यू नहीं किया.
- 2013–2014 (दिल्ली डेयरडेविल्स): 2013 में ₹50 लाख में खरीदा गया और अगले साल ₹45 लाख में रिटेन किया गया.
- 2016–2017 (सनराइजर्स हैदराबाद): अपनी बेस प्राइस पर खरीदा गया, और जल्द ही फ्रेंचाइजी के लिए एक मुख्य डेथ बॉलर के तौर पर अपनी जगह बना ली.
- 2018–2021 (सनराइजर्स हैदराबाद): फ्रेंचाइजी ने उन्हें ₹3.80 करोड़ की बड़ी बोली लगाकर रिटेन किया, और वह 4 सीजन तक टीम का एक अहम हिस्सा बने रहे.
- 2022–2023 (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर): RCB ने उन्हें ₹75 लाख में साइन किया, जो इस टूर्नामेंट में उनका आखिरी सफर था.
क्रिकेट के बाद बैंकिंग सेक्टर में कर रहे काम
सिद्धार्थ के SBI में डेस्क जॉब करने की खबर ने कई खेल प्रेमियों को चौंका दिया, लेकिन यह बदलाव अचानक नहीं हुआ था. कौल असल में 2017 से ही स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के स्पोर्ट्स कोटे के तहत उससे जुड़े हुए थे, यहां तक कि साल 2020 में, जब वे एक सक्रिय खिलाड़ी थे, तब भी उन्हें एक कॉर्पोरेट प्रमोशन मिला था. एक बार जब उन्होंने अपनी रिटायरमेंट पक्की कर ली और उसके बाद हुए खिलाड़ियों की नीलामी में उन्हें किसी ने नहीं चुना, तो कौल ने सीधे चंडीगढ़ गए और बैंकिंग सेक्टर में फुल-टाइम कर्मचारी के तौर पर काम करने लगे.
ये भी पढ़ें- विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर, अब कौन लेगा उनकी जगह, ये 4 खिलाड़ी कतार में
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं