महाराष्ट्र के जलगांव जिले में क्रिकेट के एक टूर्नामेंट के फाइनल मैच के दौरान एक स्थानीय नेता ट्रैक्टर लेकर मैदान के बीचोंबीच पहुंच गया और पिच को खोद दिया. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय नेता मैच में आमंत्रित नहीं किये जाने से नाराज था और उसकी इस हरकत से खेल बाधित हो गया. यह घटना 12 अप्रैल को धरंगांव में आयोजित एमएलए ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल के दौरान हुई.
अधिकारियों के अनुसार, धरंगांव नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर कार्यरत यह नेता आयोजकों द्वारा आमंत्रित न किए जाने से नाराज था. घटना का एक वीडियो प्रसारित हो गया, जिसमें आरोपी व्यक्ति ट्रैक्टर चलाते हुए मैदान पर घुसता है और मैदान के बीचों बीच बनी पिच को खोद देता है, जिससे पिच खेलने लायक नहीं रह जाती.
Tractor Driver plows the cricket pitch mid-final in Jalgaon after the driver wasn't invited to the tournament 😭 pic.twitter.com/iDZ5hcMDbh
— Amitabh Chaudhary (@MithilaWaaala) April 19, 2026
स्थिति तेजी से बिगड़ने पर खिलाड़ी, आयोजक और दर्शक स्तब्ध रह गए. एक अधिकारी ने बताया, 'परिषद अध्यक्ष ने क्रोध में आकर यह कदम उठाया.' खेल की असुरक्षित परिस्थितियों के कारण मैच तुरंत रद्द कर दिया गया, जिससे धरंगांव और आसपास के गांवों की स्थानीय टीमों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गईं.
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया. अधिकारी ने बताया कि आयोजकों ने मामले को आगे न बढ़ाने का फैसला किया इसलिए कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई.
यह भी पढ़ें- पंजाब किंग्स बिना कोई मैच हारे IPL 2026 की बनेगी चैंपियन? आईपीएल विजेता ने कर दी भविष्यवाणी