Why Jasprit Bumrah Wicket less in IPL 2026: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है. टीम ने सीजन की शुरुआत तो जीत के साथ की थी, लेकिन उसके बाद लगातार 4 मैच हारी है. सीजन में एमआई के लिए जो खिलाड़ी अब तक सर्वाधिक असफल रहे हैं, उनमें जसप्रीत बुमराह (jasprit Bumrah in IPL 2026) का नाम सबसे ऊपर है. यह आश्चर्यजनक है कि बुमराह पिछले 5 मैचों में एक भी विकेट नहीं ले सके हैं. उनकी गेंदों पर रन भी बन रहे हैं. एमआई के लिए खेल चुके न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के पूर्व तेज गेंदबाज मिशेल मैक्लेनाघन ने जसप्रीत बुमराह की असफलता का कारण बताया है.
स्टार स्पोर्ट्स के 'अमूल क्रिकेट लाइव' पर जियोस्टार के एक्सपर्ट मिशेल मैक्लेनाघन ने कहा कि जसप्रीत बुमराह का सही इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है. इसी वजह से वह अपना प्रभाव छोड़ पाने में सफल नहीं हो सके हैं.
मैक्लेनाघन ने कहा, "बुमराह को अक्सर पहले ओवर के बाद अटैक पर लाया जाता है, जिससे वह डैमेज कंट्रोल की स्थिति में आ जाता है, न कि अपनी शर्तें मनवा पाता है. आप चाहते हैं कि वह गेंदबाजी की शुरूआत करें, पहला ओवर डाले, और शुरू से ही विरोधी टीम पर दबाव डाले. मुंबई इंडियंस को फिर से सोचना होगा कि वो उसका इस्तेमाल कैसे कर रहे हैं, क्योंकि उसे गेम में पहले लाने से काफी फर्क पड़ सकता है."
वानखेड़े में हुए मैच में मुंबई इंडियंस ने पहले खेलते हुए 6 विकेट पर 195 रन बनाए थे. पंजाब ने 16.3 ओवर में 5 विकेट पर 198 रन बनाकर मैच जीता था. पंजाब के लिए प्रभसिमरन ने 39 गेंदों पर नाबाद 80 और अय्यर ने 35 गेंदों पर 66 रन बनाए थे. इस मैच में बुमराह ने 4 ओवर में बिना कोई विकेट लिए 41 रन दिए थे. बुमराह ने पिछले 5 मैचों में 19 ओवर फेंके हैं और 164 रन देने के बावजूद एक भी विकेट नहीं ले सके हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं