Mohammad Nawaz Might Face Complete Ban: पाकिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज ने इस साल की शुरुआत में भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हुए टी20 विश्व कप के दौरान डोप टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को अपना जवाब सौंप दिया है जिसमें उन्होंने जोर देकर कहा है कि उन्होंने जानबूझकर कोई भी प्रतिबंधित पदार्थ नहीं लिया था. पीसीबी के एक सूत्र ने बृहस्पतिवार को बताया कि नवाज ने जानबूझकर किसी भी प्रतिबंधित पदार्थ या मौज-मस्ती के लिए नशीले पदार्थों का इस्तेमाल करने से इनकार किया है.
तो पूरी तरह से बैन कर सकती है ICC
सूत्र ने दावा किया,"उन्होंने बताया है कि उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी किसी समस्या के लिए कुछ दवाएं ली थीं लेकिन कोई भी नशीला पदार्थ नहीं लिया." विश्व कप के दौरान अधिकारियों द्वारा किए गए परीक्षण में पॉजिटिव पाए जाने के बाद नवाज पर ड्रग्स के कथित इस्तेमाल को लेकर आईसीसी और पीसीबी की जांच चल रही है.
इस बाएं हाथ के स्पिनर को पाकिस्तान सुपर लीग में मुल्तान सुल्तान्स के लिए खेलने की अनुमति दे दी गई है लेकिन आईसीसी कुछ दिनों में पीसीबी को आगे की कार्रवाई के बारे में सूचित करेगा.
यदि आईसीसी उनके स्पष्टीकरण से संतुष्ट नहीं होता है तो नवाज पर क्रिकेट से पूरी तरह से प्रतिबंध लग सकता है. क्योंकि वर्ल्ड बॉडी प्लेयर्स द्वारा बैन सब्सटेंस और रिक्रिएशनल ड्रग्स के इस्तेमाल पर कड़ा रुख अपनाए हुए है.
पहले भी कई पाक खिलाड़ी हुए हैं बैन
पाकिस्तान क्रिकेट को 2006 में अपने सबसे बड़े डोपिंग स्कैंडल का सामना करना पड़ा था, जब फास्ट बॉलर्स मोहम्मद आसिफ और शोएब अख्तर बैन सब्सटेंस के लिए पॉजिटिव पाए गए थे और उन्हें इंडिया में ICC चैंपियंस ट्रॉफी से घर भेज दिया गया था.
हालांकि दोनों पर शुरू में बैन लगाया गया था, लेकिन उनकी अपील के बाद उसी साल दिसंबर में एक कमेटी ने बैन हटा दिया था. दूसरे पाकिस्तानी क्रिकेटर जिन्हें डोप टेस्ट में फेल होने पर बैन का सामना करना पड़ा है, उनमें स्पिनर रजा हसन और यासिर शाह के साथ-साथ बैट्समैन अहमद शहजाद भी शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: CSK के खिलाफ मैच से मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका, रोहित शर्मा के खेलने पर आया बड़ा अपडेट
यह भी पढ़ें: Who is Akash Madhwal: CSK का चौंकाने वाला फैसला, चोटिल हुआ बैटर, टीम में शामिल किया तेज गेंदबाज, कौन हैं आकाश मधवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं