- मोहम्मद नबी ने 41 साल 49 दिन की उम्र में टी20 वर्ल्ड कप में एक पारी में चार विकेट लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाया
- नबी ने कनाडा के खिलाफ 24 गेंदों में 17 डॉट गेंदें फेंकते हुए सिर्फ सात रन दिए और चार विकेट लिए
- अफगानिस्तान ने कनाडा को 82 रन से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान का अंत किया
Mohammad Nabi World Record; AFG vs CAN, T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने उम्र को मात देते हुए ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो विश्व कप इतिहास में दर्ज हो गया. 41 साल 49 दिन की उम्र में नबी ने कनाडा के खिलाफ एक पारी में चार विकेट लेकर खुद को टी20 विश्व कप इतिहास का सबसे उम्रदराज गेंदबाज बना दिया, जिसने एक पारी में चार विकेट लेने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. अफगानिस्तान ने कनाडा के खिलाफ 82 रन से जीत के साथ अपने टी20 वर्ल्ड कप 2026 अभियान का अंत किया है.
24 में से 17 गेंद डॉट, सिर्फ 7 रन दिए
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नबी ने अपने चार ओवर के स्पेल में महज 7 रन देकर 4 विकेट झटके. उनकी 24 गेंदों में से 17 पर कोई रन नहीं बना. 1.75 की किफायती इकॉनमी के साथ उन्होंने कनाडाई बल्लेबाजों पर पूरी तरह से शिकंजा कस लिया.
ऐसा रहा मैच का हाल
गुरुवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 39वें मैच में अफगानिस्तान ने 4 विकेट खोकर 200 रन बनाए. रहमानुल्लाह गुरबाज ने इब्राहिम जादरान के साथ 5.3 ओवरों में 47 रन की साझेदारी की. गुरबाज 20 गेंदों में 5 चौकों के साथ 30 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद गुलबदीन नायब (1) भी पवेलियन लौट गए. यह टीम 49 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा चुकी थी. यहां से सेदिकुल्लाह अटल ने इब्राहिम जादरान के साथ तीसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 95 रन की साझेदारी की.
सेदिकुल्लाह 32 गेंदों में 2 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 44 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद जादरान ने अजमतुल्लाह उमरजई (13) के साथ 31 रन, जबकि दरवेश रसूली (नाबाद 4) के साथ 25 रन जोड़े. इब्राहिम जादरान 56 गेंदों में 5 छक्कों और 7 चौकों के साथ 95 रन बनाकर नाबाद रहे. विपक्षी खेमे से जसकरण सिंह ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि डिलन हेलिगर ने 1 विकेट अपने नाम किया.
इसके जवाब में कनाडा की टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर सिर्फ 118 रन ही बना सकी. युवराज सामरा और कप्तान दिलप्रीत बाजवा की सलामी जोड़ी ने 2.2 ओवरों में 25 रन की साझेदारी की. दिलप्रीत 7 गेंदों में 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे. उनकी इस पारी में 2 छक्के शामिल रहे. इसके बाद युवराज सामरा ने 17 रन का योगदान टीम के खाते में दिया.
यह टीम 48 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा चुकी थी. यहां से साद बिन जफर ने हर्ष ठाकर के साथ छठे विकेट के लिए 37 गेंदों में 53 रन जुटाकर टीम को 100 के पार पहुंचा दिया, लेकिन जीत नहीं दिला सके. हर्ष 24 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुए, जबकि साद ने 28 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. अफगानिस्तान की तरफ से मोहम्मद नबी ने 7 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. राशिद खान ने 2 विकेट निकाले.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं