Mohammad Amir Big Statement: मोहम्मद आमिर ने एक बार फिर से भारतीय क्रिकेटरों को लेकर अटपटा बयान दिया है. जिससे देश वासी भड़क गए हैं. हाल ही में 33 वर्षीय पूर्व तेज गेंदबाज ने भारतीय स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को 'स्लॉगर' बताया था. वह यहीं नहीं रुके, बाद में उन्होंने कहा कि भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाएगी. जिसके बाद भारतीय क्रिकेट प्रेमी उबल पड़े और उनको खरी खोटी सुनाने लगे. सोशल मीडिया पर अपनी प्रति लगातार बढ़ते हुए नफरत को देख उन्होंने एक बार फिर से चुप्पी तोड़ी है. उनका कहना है कि उन्होंने केवल अपनी राय साझा की थी. किसी के प्रति किसी भी तरह की अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं किया था.
पाकिस्तानी शो 'हंसना मना है' में अपना विचार साझा करते हुए आमिर ने कहा, 'मैंने तो बस अपनी राय दी है. भारतीय टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है तो हमने उनकी तारीफ भी की है. मैंने पहले भी कहा है कि दूसरों के विचारों का सम्मान किया जाना चाहिए. अगर मैं कुछ पूर्व भारतीय क्रिकेटरों की बात करूं तो वह बहुत ही खराब भाषा का इस्तेमाल करते हैं. वे पाकिस्तान को गाली देते हैं. हमने कभी ऐसा नहीं किया है. मुझे एक बार भी बता दीजिए कि मैंने कभी भारत के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया है.'
मोहम्मद आमिर ने अपनी बातों को आगे बढ़ाते हुए कहा, 'अभिषेक के बारे में मैंने बस इतना कहा था कि उसका डिफेंसिव गेम अच्छा नहीं है. जो खिलाड़ी गेंद को रोक नहीं सकता, उसे मैं और क्या कहूं? मुझे बताइए अगर वह डिफेंस लाइन में आकर गेंद को डिफेंड नहीं कर सकता है तो उसे मैं क्या कहूं?'
आमिर ने अपने उस बयान को और स्पष्ट करते हुए कहा, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारतीय टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाएगी. उन्होंने कहा, 'दूसरों की राय का सम्मान करना सीखें. दुनिया में 100 लोग हैं, हर किसी की राय एक जैसी नहीं हो सकती है. हमने यह खेल काफी अच्छे से खेला है. इसलिए हम जानते हैं कि यह कैसे काम करता है. भारत और दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेट खेलने के तरीके को देखते हुए मुझे लगता है कि दक्षिण अफ्रीका की टीम बेहतर है.'
यह भी पढ़ें- EXCLUSIVE: 'थाला' धोनी IPL 2026 खेलेंगे या नहीं? CSK के सीईओ ने NDTV से कर दिया बड़ा खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं