Manav Suthar Ten Wicket Haul Record in Sri Lanka: बुधवार को गाले में खेले गए पहले टेस्ट मैच में बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने कुल 10 विकेट लिए और भारत ने श्रीलंका को 165 रनों से हराकर दो मैचों की सीरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली. अपने करियर का सिर्फ़ दूसरा टेस्ट खेल रहे सुथार ने अपनी सटीक लाइन और लेंथ से प्रभावित किया और भारत को उसके 600वें टेस्ट मैच में यादगार जीत दिलाई.
An absolute display of skill and precision as Manav Suthar picks up 10 wickets in the 1st Test.
— BCCI (@BCCI) August 19, 2026
A glimpse of how he fared in his last ten deliveries in the second innings 👌👌#SLvIND #TeamIndia pic.twitter.com/B3QVZdhPuG
इस प्रदर्शन के साथ ही मानव सुथार ने इतिहास रच दिया है. उन्होंने दिग्गज हरभजन सिंह और रविचंद्रन अश्विन को पीछे छोड़ते हुए श्रीलंका में सबसे अच्छे मैच आंकड़े (बेस्ट मैच फिगर्स) दर्ज करने वाले भारतीय गेंदबाज का रिकॉर्ड अपने नाम किया. इन दो दिग्गजों के बाद, श्रीलंका में दस विकेट लेने वाले वो तीसरे भारतीय गेंदबाज भी बन गए है. सुथार ने यह उपलब्धि गाले में श्रीलंका के खिलाफ भारत के पहले टेस्ट मैच के दौरान हासिल की.
सुथार ने पहली पारी में चार विकेट लिए और दूसरी पारी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 55 रन देकर 6 विकेट झटके, जिससे मेज़बान टीम आखिरी दिन लंच के कुछ ही देर बाद 206 रनों पर ऑलआउट हो गई.
श्रीलंका की टीम 372 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच के पांचवें और अंतिम दिन अपनी दूसरी पारी में 206 रन बनाकर आउट हो गई. भारत ने अपनी पहली पारी में 462 रन बनाकर श्रीलंका को 284 रन पर आउट कर दिया था. इस तरह से उसे 178 रन की मजबूत बढ़त मिली थी. भारत ने अपनी दूसरी पारी में 193 रन बनाए थे.
श्रीलंका की तरफ से सोनल दिनुशा ने सर्वाधिक 84 रन बनाए जबकि कप्तान धनंजय डिसिल्वा ने 59 रन की पारी खेली. मानव सुथार भारत की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 55 रन देकर छह विकेट लिए. उनके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा ने 16 रन देकर दो जबकि रविंद्र जडेजा (71 रन देकर एक) और मोहम्मद सिराज (15 रन देकर एक) ने एक-एक विकेट लिया.
भारत के लिए यह मैच इसलिए भी खास हो गया क्योंकि यह भारत का 600वां टेस्ट मैच था. यह जीत इसलिए भी विशेष है क्योंकि भारत को न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू श्रृंखलाओं में इसी तरह की पिच पर हार का सामना करना पड़ा था. जैसे ही सुथार ने टेस्ट मैच में अपना 10वां विकेट लिया, शुभमन गिल ने राहत की सांस ली होगी क्योंकि मैच खत्म होने के पांच मिनट के भीतर ही भारी बारिश शुरू हो गई थी. मानव ने दूसरी बार पारी में पांच या इससे अधिक विकेट लिए. उन्होंने इससे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ अपने पदार्पण टेस्ट मैच में यह कारनामा किया था.
(PTI इनपुट के साथ)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं