विज्ञापन

KKR vs RR, IPL 2026: वरुण चक्रवर्ती की 'डबल सेंचुरी', बनाया मेगा रिकॉर्ड, कुलदीप-मोहम्मद शमी सब छूटे पीछे

Varun Chakaravarthy 200 Wickets in T20 : वरुण चक्रवर्ती टी20 क्रिकेट में 200 विकेट तक पहुंचने वाले सबसे तेज भारतीय स्पिनर बन गए हैं. चकवर्ती ने रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलते हुए इस मुकाम को हासिल किया है.

KKR vs RR, IPL 2026: वरुण चक्रवर्ती की 'डबल सेंचुरी', बनाया मेगा रिकॉर्ड, कुलदीप-मोहम्मद शमी सब छूटे पीछे
KKR vs RR, IPL 2026: Varun Chakaravarthy 200 Wickets in T20

Varun Chakaravarthy 200 Wickets in T20: वरुण चक्रवर्ती टी20 क्रिकेट में 200 विकेट तक पहुंचने वाले सबसे तेज भारतीय स्पिनर बन गए हैं. चकवर्ती ने रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलते हुए इस मुकाम को हासिल किया है. आईपीएल 2026 के 28वें मुकाबले में चक्रवर्ती ने अपने पहले ही ओवर में विकेट निकाला. उन्होंने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को रमनदीप सिंह के हाथों कैच आउट कराया. इस विकेट के साथ चक्रवर्ती टी20 क्रिकेट में 200 टी20 विकेट लेने वाले सबसे तेज भारतीय स्पिनर बन गए.

चक्रवर्ती ने सिर्फ 155 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की, जो भारतीय क्रिकेट के कई बड़े नामों से भी आगे है. उनके सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वियों में कुलदीप यादव शामिल हैं, जिन्होंने 160 पारियों में यह आंकड़ा छुआ. उनके बाद जयदेव उनादकट (162 पारियां) और मोहम्मद शमी (165 पारियां) इस मुकाम तक पहुंचे. अर्शदीप सिंह एकमात्र ऐसे भारतीय गेंदबाज हैं, जिन्होंने कुल मिलाकर सबसे तेजी से (151 पारियां) यह उपलब्धि हासिल की, लेकिन स्पिनर्स की श्रेणी में चक्रवर्ती सबसे ऊपर हैं.

अपने आईपीएल करियर में चक्रवर्ती ने 89 मुकाबलों में 24.17 की औसत और 7.65 की इकॉनमी रेट से कुल 105 विकेट लिए हैं. मौजूदा सीजन में उन्होंने पांच मुकाबलों में 30.60 की औसत से पांच विकेट चटकाए हैं. टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में, उन्होंने 45 मैचों में 16.61 की औसत और 7.55 की इकॉनमी रेट से 73 विकेट लिए, जिसमें भारत के लिए दो बार 'फाइव विकेट हॉल' शामिल हैं.

ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मैच में वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 14 रन देकर 3 विकेट निकाले. सूर्यवंशी के अलावा, उन्होंने ध्रुव जुरेल और रियान पराग को अपना शिकार बनाते हुए आरआर की बल्लेबाजी की कमर तोड़ी.

चक्रवर्ती की शानदार गेंदबाजी मैच का रुख तय करने में निर्णायक साबित हुई. राजस्थान रॉयल्स निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी. इसके जवाब में कोलकाता ने 19.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. कोलकाता ने 85 के स्कोर तक अपने 6 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद रिंकू सिंह (नाबाद 53) और अनुकूल रॉय (नाबाद 29) की जोड़ी ने 37 गेंदों में 76 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को रोमांचक जीत दिलाई.

यह भी पढ़ें: PBKS vs LSG: प्रियांश आर्य ने मचाया कोहराम, 19 गेंदों में ठोका अर्द्धशतक, वैभव के इस रिकॉर्ड की कर ली बराबरी

यह भी पढ़ें: IPL 2026: CSK को बड़ा झटका, चोट के चलते युवा स्टार बल्लेबाज हो सकता है बाहर, कोच ने दिए संकेत

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com