Shubman Gill's record inning: इंडियन प्रीमियर लीग जैसे-जैसे लीग चरण के आखिरी दौर में चल रही है, वैसे-वैसे मैचों में धमाके भी खासे बड़े हो रहे हैं. स्कोर बड़े बन रहे हैं, धमाकेदार पारियों ने गति पकड़ ली है और रिकॉर्ड भी बन रहे हैं. शनिवार को घरेलू इडन गॉर्डन में पहले बैटिंग करते हुए केकेआर ने धमाका करते हुए 247 रन बनाए. फिन एलन और युवा अंगकृष रघुवंशी ने धमाकेदार पारियां खेलीं, तो बाद में गुजरात के कप्तान शुभमन गिल (85 रन, 49 गेंद, 5 चौके, 7 छक्के) ने भी धमाकेदार अंदाज में अर्द्धशतक जड़ डाला. इसी के साथ ही गिल ने दो धमाके कर डाले, लेकिन इस कारनामे के बावजूद हाल फिलहाल गुजरात कप्तान की भारतीय टी20 टीम में वापसी बहुत ही ज्यादा मुश्किल हो चली है. बहरहाल, आप रिकॉर्डों पर गौर फरमा लें.
गिल का पहला बड़ा ब्लास्ट!
इस तूफानी पारी के साथ ही शुभमन गिल टूर्नामेंट के इतिहास में उन चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो गए, जिन्होंने लगातार दो सीजन में पांच सौ से ज्यादा रन बनाए. यह अपने आप में उस बल्लेबाज के लिए बड़ी उपलब्धि है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टी20 फॉर्मेट का बल्लेबाज नहीं माना जाता. चलिए जान लीजिए कि आईपीएल में कितने बल्लेबाजों ने लगातार तीन और दो सीजन में पांच सौ से ज्यादा रन बनाए.
लगातार सीजन में 500 रन बल्लेबाज
3 बार डेविड वॉर्नर (2015, 2026, 2027)
3 बार केएल राहुल (2020, 2021, 2022)
2 बार सचिन तेंदुलकर (2010, 2011)
2 बार विराट कोहली (2015, 2016)
2 बार शुभमन गिल (2025, 2026)
गिल का दूसरा बड़ा धमाका
वहीं, इस पचासे के साथ ही गिल केकेआर के खिलाफ लगातार तीन अर्द्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए गए. जानें ये बल्लेबाज कौन-कौन हैं और इन्होंने कब लगातार तीन अर्द्धशतक केकेआर के खिलाफ बनाए.
बल्लेबाज साल
सुरेश रैना (2016-27)
केएल राहुल (2016-18)
विराट कोहली (2018-19)
एबीडि विलियर्स (2019-21)
क्विंटन डिकॉक (2021-22)
शुभमन गिल (2025-26)
इसलिए टीम इंडिया में जगह मिलना मुश्किल
अगल कोई प्रदर्शन गलत समय पर आए, तो फिर वह आपको इनाम नहीं देता. इसी साल की शुरुआत में टी20 टीम के समीकरण से गिल बाहर आ गए, तो टीम का संतुलन बदल गया. मतलब एक छोर पर विकेटकीपर-ओपनर. मतलब संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा. और अगर इस पर भी कोई कसर बाकी है, तो आप इससे समझें कि सैमसन और अभिषेक के बाद लाइन में जायसवाल और सुपर किड वैभव सूर्यवंशी लग गए हैं. गिल का नंबर अब इन सभी के बाद आता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं