विज्ञापन
This Article is From Nov 02, 2018

IND vs WI ODI: विराट कोहली और कोच रवि शास्‍त्री ने इन दो खिलाड़ि‍यों को बताया सीरीज की खोज...

IND vs WI ODI: विराट कोहली और कोच रवि शास्‍त्री ने इन दो खिलाड़ि‍यों को बताया सीरीज की खोज...
विराट ने कहा, रायुडू ने चौथे नंबर पर जिम्‍मेदारी के साथ बैटिंग की (फाइल फोटो)
  • कहा, रायुडू ने नंबर चार पर जिम्‍मेदारी से बैटिंग की
  • तीसरे सीमर के रूप में खलील ने अच्‍छा खेल दिखाया
  • शास्‍त्री बोले, खलील यदि गति बढ़ा लें तो और मारक साबित होंगे
तिरुअनंतपुरम:

टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्‍टइंडीज के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज 3-1 के अंतर से जीत ली है. टीम की इस जीत में अनुभवी के साथ कुछ युवा खिलाड़ि‍यों ने भी अपने प्रदर्शन से हर किसी को प्रभावित किया. भारत के कप्तान विराट कोहली और मुख्य कोच रवि शास्त्री के अनुसार, अंबाती रायडू नंबर चार पर बल्लेबाज के रूप में और खलील अहमद एक तेज गेंदबाज के रूप में इस वनडे सीरीज की सबसे बड़ी खोज हैं. कोहली ने यहां पांचवें वनडे मैच के बाद कहा, "मैं दो क्षेत्रों के बारे में सोच सकता हूं. तीसरे सीमर के रूप में खलील ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है. भगवान न करे, अगर भुवनेश्‍वर कुमार या बुमराह को कुछ होता है तो खलील का टीम में होना अच्छा है. वे विकेट ले सकते हैं. रायडू ने भी नंबर चार पर जिम्मेदारी के साथ खेला है. दो क्षेत्रों पर हमारी नजर थी (सीरीज से पहले) और हमें दो विकल्प मिले हैं."

IND vs WI: अंबाती रायुडु ने खोला फिर से हासिल फिटनेस का 'राज़'

टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री ने भी कप्तान की बात को दोहराया. उन्‍होंने कहा, "मैं रायडू से बहुत खुश हूं. टीम में कुछ साल बाद वापसी करना आसान नहीं होता. आप खुद को व्यक्त कर सकते हैं लेकिन फिर भी आप आपने कदम पीछे खींच कर रखते हैं क्योंकि कुछ खराब प्रदर्शन से आप टीम में अपनी जगह खो सकते हैं. उन्होंने दबाव को अच्छे से झेला और आखिरी मैच में बेहतरीन प्रदर्शन किया." उन्होंने तेज गेंदबाज खलील के प्रदर्शन की भी तारीफ की.

वीडियो: मैडम तुसाद म्‍यूजियम में विराट कोहली

विराट कोहली के बल्‍ले को अपने लिए लकी मानते हैं अंबाती रायुडू...

शास्त्री ने कहा, "बाएं हाथ के गेंदबाज उपयोगी साबित हो सकते हैं. खलील युवा हैं, उनके पास अनुभव की कमी है लेकिन उनके पास विविधता है और आक्रामकता है. खलील को सलाह देने के लहजे में उन्‍होंने कहा कि यह तेज गेंदबाज यदि अपनी रफ्तार बढ़ा लें तो फिर और अधिक प्रभावशाली साबित हो सकता है." टेस्‍ट और वनडे सीरीज के बाद अब दोनों टीमें तीन टी20 मैचों की सीरीज में आमने-सामने होंगी. दोनो टीमों के बीच पहला टी20 मुकाबला रविवार को होगा. (इनपुट: एजेंसी)

 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com