Kevin Pietersen on IPL: इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज केविन पीटरसन ने आईपीएल को लेकर एक बड़ा बयान दिया है और माना है कि आईपीएल के कारण उनका करियर जल्द खत्म हो गया. पीटरसन का यह खुलासा फैन्स के बीच खलबली मचा रही है. पीटरसन ने यू-ट्यूब पर रणवीर अल्लाहबादिया के साथ एक इंटरव्यू में, पीटरसन ने आरोप लगाया कि इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने आईपीएल के शुरुआती सालों में उनके खिलाफ "साजिश" रचने के लिए मीडिया का इस्तेमाल किया था. पूर्व इंग्लिश दिग्गज ने कहा, "इंग्लिश क्रिकेट बोर्ड ने 2008 में टूर्नामेंट के पहले सीजन में सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट वाले खिलाड़ियों को खेलने से रोक दिया था, उस साल खेलने वाले एकमात्र इंग्लिश खिलाड़ी दिमित्री मस्कारेनहास थे. 2009 में, इंग्लैंड ने खिलाड़ियों को तीन हफ्ते की सीमित समय-सीमा के अंदर खेलने की इजाजत दी थी"
बता दें कि पीटरसन 2009 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (अब बेंगलुरु) में शामिल हुए थे, और लीग को प्राथमिकता देने के उनके फैसले की वजह से कथित तौर पर इग्लैंड बोर्ड के साथ उनके संबंधों में काफी तनाव पैदा हो गया था.
इंटरव्यू में पीटरसन ने आगे कहा, "मैंने बहुत बड़ी कुर्बानिया दीं.. मेरा करियर खत्म हो गया. यही वजह है कि उस संस्था में मौजूद हर कोई मेरे खिलाफ हो गया था. जब 104 टेस्ट मैच खेलने के बाद मेरा इंग्लैंड करियर खत्म हुआ, तब मैं 33 साल का था. मुझे 150-160 टेस्ट मैच खेलने चाहिए थे और 12,000-13,000 रन बनाने चाहिए थे. मुझे यही हासिल करना चाहिए था."
पूर्व इंग्लिश दिग्गज ने आगे कहा, "इंग्लैंड बोर्ड ने मेरे पीछे पड़ने के लिए 'द टेलीग्राफ' का इस्तेमाल किया... मैं इस मामले में ज्यादा गहराई में नहीं जाना चाहता. यह बात काफी मशहूर हुई थी, और अब मैं बहुत खुश और शांतिपूर्ण ज़िंदगी जी रहा हूं."
पीटरसन ने अपने टेस्ट करियर का अंत 8,181 रनों के साथ किया, जिसमें 23 शतक और 35 अर्धशतक शामिल थे. हालांकि, इस पूर्व क्रिकेटर का करियर कथित तौर पर उनके रुख की वजह से प्रभावित हुआ था, लेकिन पीटरसन का मानना है कि इससे इंग्लैंड के खिलाड़ियों की आने वाली पीढ़ियों को फ्रेंचाइजी क्रिकेट में हिस्सा लेने की आजाजी मिली थी.
पीटरसन ने कहा, "मैंने कुछ दिन पहले जोस बटलर का इंटरव्यू लिया था, और उन्होंने भी 'थैंक यू' कहा.. मैंने जो कुर्बानियां दीं, उनकी वजह से ये लोग अब उसका फायदा उठा पा रहे हैं."
पीटरसन ने IPL में दिल्ली डेयरडेविल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए भी खेला। उन्हें 2025 में दिल्ली कैपिटल्स का मेंटर भी नियुक्त किया गया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं