भारतीय क्रिकेट जगत का सबसे बड़ा सवाल अभी तो यही है कि क्या रोहित शर्मा लॉर्ड्स में होने वाले इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के आखिरी वनडे के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगे? शुक्रवार देर शाम बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने हालांकि, साफ किया है कि रोहित संन्यास नहीं ले रहे हैं, लेकिन उनका यह कहना कि 'जब तक वह योजनाओं का हिस्सा रहेंगे, खेलते रहेंगे' इसने कई संभावनाओं के लिए दरवाजे खुले रखे हुए हैं. हिटमैन के फैंस चाहेंगे कि रोहित रिटायरमेंट ना लें और आगे भी खेलते रहे. लेकिन इन सबके बीच पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने एक चौंकाने वाला बयान दिया है. रोहित शर्मा के रिटायरमेंट की अटकलों पर उन्होंने कहा कि हमें खुश होना चाहिए, दुखी क्यों हैं? क्योंकि सबको एक ना एक दिन जाना होता है.
न्यूय एजेंसी एएनआई से बात करते हुए एक कार्यक्रम के इतर 1983 विश्व कप विजेता कप्तान ने कहा,"नहीं, खुश रहते हैं. दुखी क्यों होना? उन्होंने इतने सालों में हमें बहुत खुशी दी है. हर किसी को जाना ही होता है. सुनील गावस्कर चले गए, राहुल चले गए, अनिल कुंबले चले गए, सचिन चले गए. हर किसी को जाना ही होता है."
कपिल देव ने आगे कहा कि फैंस को रोहित के जाने पर दुखी होने के बजाय उनकी उपलब्धियों का जश्न मनाना चाहिए. उन्होंने कहा,"जब वह जाएंगे, तो हमें उनके करियर का जश्न मनाना चाहिए. उन्होंने देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को कितनी खुशी और मनोरंजन दिया है. हमें खुश होना चाहिए, दुखी क्यों हों?"
शुभकामनाएं देते हुए कपिल ने उम्मीद जताई कि रोहित शानदार अंदाज़ में विदाई लेंगे. उन्होंने आगे कहा,"हां, उन्हें एक दिन तो जाना ही है. मुझे उम्मीद है कि जब वह जाएंगे, तो शतक बनाकर ही जाएंगे."
39 साल के इस खिलाड़ी ने 23 जून 2007 को बेलफ़ास्ट में आयरलैंड के खिलाफ़ अपना वनडे डेब्यू किया था और वह पहले ही T20I और टेस्ट फ़ॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं.
इंग्लैंड के खिलाफ़ चल रही सीरीज़ के दौरान उनके संन्यास की चर्चा तेज़ हो गई, क्योंकि रोहित रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. अनुभवी ओपनर ने शुरुआती दो वनडे मैचों में 11 और 26 रन बनाए हैं और इस साल आठ मैचों में 30.12 की औसत से 241 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 79 रहा है.
यह भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप: 96 साल में पहली बार खिलाड़ियों को मिलेगी चैंपियनशिप रिंग, कीमत सुन उड़ जाएंगे होश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं