शनिवार को चैंपियंस ट्रॉफी (Champions Trophy 2025) के लिए भारतीय टीम के ऐलान से पहले फैंस सहित सभी पक्षों को सबसे ज्यादा चिंता स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) को लेकर थी. वहीं, यह भी सवाल मन में था कि बुमराह टीम के उप-कप्तान बनाए जाते हैं या नहीं. घोषित दोनों टीमों में बुमराह चुने तो गए, लेकिन उपकप्तान नहीं बने. वहीं कप्तान रोहित ने चैंपियंस ट्रॉफी में जस्सी के खेलने को लेकर भी मीडिया के जरिए स्थिति साफ कर दी है. रोहित ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दो वनडे मैचों में बुमराह के खेलने पर संशय है. और यही वजह है कि हर्षित राणा को स्टैंड-बाई खिलाड़ी के रूप में रखा गया है.
रोहित ने सवाल पूछे जाने पर कहा, "बुमराह से पांच हफ्ते के लिए वर्कलोड मैनेज करने के लिए कहा गया है. और वह इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दो वनडे के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे. हम उनकी फिटनेस रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं. फरवरी के शुरुआती महीने में हमें पूरी तरह से उनकी स्थिति के बारे में पता चलेगा." भारतीय कप्तान ने कहा, "इस स्टेज पर हम बुमराह को लेकर आश्वस्त नहीं हैं. ऐसे में हम ऐसे खिलाड़ी को चाहते थे, जो उनकी भूमिका निभाए. और इसके लिए हमें अर्शदीप सबसे उपयुक्त लगे."
अभी भी मंडरा रहा है खतरा
याद दिला दें कि पिछले दिनों सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए पांचवें टेस्ट के दौरान बुमराह कमर में ऐंठन के कारण मैदान से बाहर चले गए थे. इसके बाद उनका एक्सरे भी कराया गया था, तो खबरें ऐसी भी आईं कि उन्होंने चोट के सिलसिले में न्यूजीलैंड स्थित सर्जन से बात की. चर्चा यह भी थी कि बुमराह को सक्रिय क्रिकेट से छह महीने के लिए दूर रहना पड़ सकता है. और यह खतरा अभी भी मंडरा रहा है. मतलब बुमराह को लेकर सवाल अभी भी बराबर बना हुआ है कि वह चैंपियंस ट्रॉफी में खेल भी पाएंगे या नहीं? टीम में सेलेक्टरों ने उनका नाम जरूर रखा है, लेकिन जिस तरह रोहित ने स्टार पेसर को लेकर जवाब दिया, वह बहुत कुछ समझाने और बताने को काफी है.
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम:
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, केएल राहुल
भारत बनाम इंग्लैंड वनडे सीरीज शेड्यूल
- पहला वनडे, 06 फरवरी, गुरूवार, नागपुर, दोपहर 1:30 बजे
- दूसरा वनडे, 09 फरवरी, गुरूवार, कट्टक, दोपहर 1:30 बजे
- तीसरा वनडे, 12 फरवरी, अहमदाबाद, दोपहर 1:30 बजे
चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया का शेड्यूल
- 20 फरवरी, गुरूवार, बनाम बांग्लादेश, दोपहर 2:30 बजे
- 23 फरवरी, रविवार, बनाम पाकिस्तान, दोपहर 2:30 बजे
- 2 मार्च, रविवार, बनाम न्यूजीलैंड, दोपहर 2:30 बजे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं