Jasprit Bumrah; T20 World Cup 2026: भारतीय टीम जब भी मुश्किल हालात में घिरती है, तो एक नाम सबसे पहले याद आता है जसप्रीत बुमराह, फैंस हों या खिलाड़ी, सभी को भरोसा रहता है कि अगर बुमराह के हाथ में गेंद है तो मैच अभी भी पलट सकता है. उनकी सफलता का राज किसी चमत्कारिक शक्ति में नहीं, बल्कि लगातार शानदार प्रदर्शन और दबाव में शांत रहने की उनकी क्षमता में छिपा है. मैदान पर जब हालात कठिन होता है, तब बुमराह का आत्मविश्वास और सटीक गेंदबाजी भारतीय टीम के लिए बड़ी ताकत बन जाती है. वह बिना किसी शोर-शराबे के अपनी गेंदों से विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान कर देते हैं. उनकी यॉर्कर और नियंत्रण इतनी सटीक होती है कि बड़े से बड़े बल्लेबाज भी मुश्किल में पड़ जाते हैं.
हाल ही में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया. इस मुकाबले में भी बुमराह का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा. उन्होंने चार ओवर के अपने स्पेल में केवल 15 रन देकर चार अहम विकेट हासिल किए. उनके शिकार बने मिशेल सेंटनर, रचिन रवींद्र, जेम्स नीशम और मैट हेनरी. उनकी गेंदबाजी ने न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी.
इससे पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में भी बुमराह ने अहम भूमिका निभाई. रन चेज करते समय इंग्लैंड की टीम मजबूत स्थिति में दिख रही थी और भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बढ़ रहा था. तभी पारी का 18वां ओवर लेकर बुमराह आए और उन्होंने मैच की दिशा बदल दी. क्रीज पर जमे जैकब बेथेल और सैम करन जैसे बल्लेबाज उनके ओवर में एक भी बाउंड्री नहीं लगा सके. लगातार सटीक यॉर्कर के साथ उन्होंने उस ओवर में सिर्फ 6 रन दिए और भारत के लिए वापसी का रास्ता खोल दिया.
पूरे टूर्नामेंट में बुमराह का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा. उन्होंने 8 मैचों में कुल 14 विकेट अपने नाम किए. खास बात यह रही कि वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ उनके स्पेल सबसे ज्यादा असरदार रहे.
एक बार फिर जसप्रीत बुमराह ने साबित कर दिया कि क्यों भारतीय क्रिकेट प्रेमियों का भरोसा उन पर हमेशा कायम रहता है और दबाव के बड़े मुकाबलों में वह टीम के सबसे भरोसेमंद गेंदबाज बन जाते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं