भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन (Ishan Kishan) गुरुवार (12 मार्च 2026) को नवादा स्थित अपने आवास सावित्री सेवा सदन पहुंचे, जहां उनके प्रशंसकों ने उनका जोरदार स्वागत किया. शहर में उनके आगमन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी और स्थानीय लोग उनके घर के बाहर जुट गए. ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच लोगों ने अपने चहेते खिलाड़ी का अभिनंदन किया. ईशान किशन की एक झलक पाने के लिए प्रशंसक घंटों तक उनके आवास के बाहर इंतजार करते रहे. प्रशंसकों के उत्साह को देखते हुए ईशान को अपने घर की गैलरी में दो बार आकर लोगों का अभिवादन करना पड़ा. उन्हें देखते ही समर्थकों ने जोरदार तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया.
दादी और अभिभावक का लिया आशीर्वाद
घर पहुंचने के बाद ईशान किशन ने सबसे पहले अपनी दादी डॉ. सावित्री शर्मा से मिले और उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया. इसके बाद उन्होंने अपने अभिभावक और जिले के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. शत्रुध्न प्रसाद सिंह से मुलाकात की तथा उनके भी पैर छूकर आशीर्वाद प्राप्त किया. डॉ. शत्रुध्न प्रसाद सिंह ने उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. इस दौरान ईशान ने उनसे उनका हाल-चाल भी पूछा और कुछ समय परिवार के साथ बिताया.

टी20 विश्व कप में रहा शानदार प्रदर्शन
हाल ही में संपन्न हुए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2206 में ईशान किशन का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा. टूर्नामेंट में उन्होंने दमदार बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया. पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 77 रनों की शानदार पारी खेली, जिसके दम पर भारत ने मैच जीतते हुए सुपर-8 में अपनी जगह पक्की की.

विश्व कप के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ भी ईशान किशन ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. उन्होंने मात्र 21 गेंदों में 52 रनों की तेजतर्रार पारी खेली और तीन महत्वपूर्ण कैच पकड़कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. उनके इस प्रदर्शन की क्रिकेट जगत में व्यापक सराहना हो रही है.

टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के बाद आईसीसी की ताजा टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी ईशान किशन को बड़ा फायदा मिला है. उन्होंने 317 रन बनाकर दो स्थान की छलांग लगाई और करियर की सर्वश्रेष्ठ दूसरी रैंकिंग हासिल की. 871 रेटिंग अंकों के साथ वह शीर्ष स्थान पर मौजूद खिलाड़ी से मात्र चार अंक पीछे हैं.
ईशान किशन की इस उपलब्धि से उनके प्रशंसकों में उत्साह का माहौल है. नवादा में उनका भव्य स्वागत इस बात का प्रमाण है कि स्थानीय लोग अपने इस होनहार खिलाड़ी की सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं.
अशोक प्रियदर्शी
यह भी पढ़ें- 'गाने में देखा और दिल दे बैठे', गीता और हरभजन को मिलाने में युवराज सिंह को बेलना पड़ा था पापड़
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं