
आने वाली आठ अप्रैल से शुरू हो रहे आईपीएल सीज़न 8 में कई बड़े बदलाव हुए हैं। इनमें से सात बड़े नाम हैं, जो इस बार नई टीमों में शामिल हो गए हैं। क्या ये खिलाड़ी अपनी नई टीम की किस्मत बदल सकते हैं?
डैरेन सैमी :
पहले : सनराइजर्स हैदराबाद
अब : रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर
कीमत : 2.8 करोड़
वेस्टइंडीज़ के ऑलराउंडर पिछले साल सनराइजर्स हैदराबाद को प्ले ऑफ़ में लाने में कामयाब रहे थे। इस बार विजय माल्या ने पूर्व कैरेबियन कप्तान पर भरोसा जताया है। क्या वे इस बार बैंगलोर को टॉप 4 में लाने में कामयाब रहेंगे। पिछली बार विराट कोहली की टीम सातवें नंबर पर रही थी।
जहीर खान :
पहले : मुंबई इंडियंस
अब : डेल्ही डेयरडेविल्स
कीमत : 4 करोड़
डेल्ही डेयरडेविल्स ने ज़हीर खान को दोहरी भूमिका के लिए चुना है। उन्हें गेंदबाज़ी के साथ-साथ मोहम्मद शमी और जयदेव उनदकट का मेंटॉर भी बनाया गया है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल है कि क्या ज़हीर इस बार खुद को फ़िट रख पाएंगे।
एंजेलो मैथ्यूज़ :
पहले : पुणे वॉरियर्स
अब : डेल्ही डेयरडेविल्स
कीमत : 7.5 करोड़
एक साल के बाद श्रीलंकन ऑलराउंडर आईपीएल में खेलेंगे। कोलकाता नाइटराइडर्स और पुणे वॉरियर्स की ओर से खेल चुके एंजेलो मैथ्यूज़ क्या पिछले साल आखिरी पायदान पर खड़ी डेल्ही डेयरडेविल्स की किस्मत बदल पाएंगे। डेहली डेयरडेविल्स ने उन पर साढ़े सात करोड़ खर्च किया है तो उनसे उम्मीदें भी बड़ी होंगी।
माइकल हसी :
पहले : मुंबई इंडियंस
अब : चेन्नई सुपरकिंग्स
कीमत : 1.5 करोड़
पिछसे सीज़न माइकल हसी को चेन्नई सुपरकिंग्स रिलीज़ कर दिया था। एक साल मुंबई की ओर से खेलने के बाद हसी एक बार फिर पीले शर्ट में नज़र आएंगे। 38 साल के हसी इस साल सबसे सीनियर्स खिलाड़ियों में शामिल हैं।
केविन पीटरसन :
पहले : डेल्ही डेयरडेविल्स
अब : सनराइजर्स हैदराबाद
कीमत : 2 करोड़
2012 और 2014 में डेल्ही डेयरडेविल्स की ओर से खेलने वाले केपी इस बार सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलेंगे। केविन पीटरसन के प्रदर्शन पर दुनिया की नज़रें होगीं।
एरॉन फ़िंच :
पहले : सनराइजर्स हैदराबाद
अब : मुंबई इंडियंस
कीमत : 2 करोड़
ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज एरॉन फ़िंच पांचवी बार टीम बदल रहे हैं। मुंबई इंडियंस के मेंटार रिकी पॉन्टिंग ने इस बार उन्हें अपनी टीम में शामिल किया है।
युवराज सिंह :
पहले : रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर
अब : डेल्ही डेयरडेविल्स
कीमत : 16 करोड़
सीज़न का सबसे बड़ा ट्रांसफर रहा युवराज सिंह का। डेल्ही डेयरडेविल्स ने उन्हें रिकॉर्ड 16 करोड़ में खरीदा। जा़हिर इस लोकप्रिय खिलाड़ी पर 'बॉटम' टीम को 'टॉप' पर पहुंचाने की बड़ी ज़िम्मेदारी होगी।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं