Who is IPL Number-1 Opening Pair: गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी ने जिस तरह से बल्लेबाजी, वो भी बुमराह और बोल्ट जैसे दिग्गज गेंदबाजों के सामने, उसने तमाम फैंस को हैरान कर दिया. इस जोड़ी ने पहले ही ओवर से जबरदस्त कुटाई की. 5 ओवर के अंदर राजस्थान ने 80 रन ठोक दिए थे. बारिश के चलते मैच 11 ओवरों का कर दिया गया था और राजस्थान ने इसमें 150 रन ठोके. जायसवाल ने 32 गेंदों में 10 चौके, 4 छक्कों के दम पर नाबाद 77 रनों की पारी खेली, जबकि सूर्यवंशी ने 14 गेंदों में 5 छक्के और एक चौके से 39 रन बनाए. मुंबई के गेंदबाजों को समझ ही नहीं आया कि इन दोनों को कैसा रोका जाए. वहीं मैच के बाद राजस्थान के कप्तान से रियान पराग से इस सलामी जोड़ी को लेकर सवाल हुआ. साथ ही उनसे पूछा गया कि आईपीएल में सबसे बेहतर ओपनिंग जोड़ी कौन सी है? पराग ने जायसवाल-वैभव की जोड़ी को नंबर-1 बताया और इसके पीछे उन्होंने कुछ तर्क भी दिए.
मुंबई के खिलाफ जीत के बाद रियान पराग से पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में पूछा गया कि इस IPL में ओपनिंग जोड़ियों में वे कहां खड़े हैं. इसके जवाब में रियान पराग ने कहा,"नंबर एक पर. सबसे पहले तो, उम्र उनके पक्ष में है, और उनके पास जो टैलेंट है, वह भी ज़बरदस्त है. वैभव, मुझे लगता है कि वह सचमुच कमाल का खिलाड़ी है. वह सिर्फ़ एकतरफ़ा हिटिंग करने वाला खिलाड़ी नहीं है. अगर आपने उसे अहमदाबाद में खेलते देखा हो, तो उसने वहां के हालात को समझा और फिर उसी हिसाब से खेला. जहां तक जायसवाल की बात है, वह तो पिछले 3-4 सालों से लगातार ऐसा ही करता आ रहा है. इसलिए मुझे लगता है कि उन दोनों के स्किल्स और इतनी कम उम्र में उनमें जो समझदारी है, उन दोनों का मेल इस समय सबसे बेहतरीन है."
पराग ने आगे कहा,"तीन मैचों में तीन जीत हासिल कर बहुत अच्छा लग रहा है. जिस तरह से लड़कों ने खेला, मैं उनसे और कुछ नहीं मांग सकता, बस शाबाशी दे सकता हूं. मुझे हमेशा से पता था कि यह टीम बहुत मजबूत है. नीलामी के समय भी पता था कि हम बहुत मजबूत टीम हैं क्योंकि हमारे पास एक मजबूत कोर ग्रुप है और वे बहुत युवा भी हैं. बाहर हर किसी को हम पर भरोसा नहीं था. उम्मीद है इसी तरह से प्रदर्शन करते हुए हम चीजों को बदल सकते हैं.
मैच की बात करें तो मुंबई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था. आरआर ने सलामी बल्लेबाजों वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर 3 विकेट के नुकसान पर 150 रन बनाए थे. वैभव सूर्यवंशी 14 गेंदों पर 5 छक्कों और 1 चौके की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए। यशस्वी जायसवाल 32 गेंदों पर 4 छक्कों और 10 चौकों की मदद से 77 रन बनाकर नाबाद रहे.
151 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआई कभी जीत की ओर जाती नहीं दिखी. एमआई 11 ओवर में 9 विकेट पर 123 तक पहुंच सकी और 27 रन से मैच हार गई. आरआर के लिए जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे ने 1-1, जबकि नांद्रे बर्गर-संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई ने 2-2 विकेट लिए. यशस्वी जायसवाल प्लेयर ऑफ द मैच रहे.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: 'मेरे दिमाग में कुछ था...' मुंबई के खिलाफ आतिशी पारी के बाद जायसवाल ने दिया बड़ा बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं