भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का मानना है कि कोलकाता नाइट राइडर्स को मौजूदा आईपीएल 2026 में टीम की बल्लेबाजी की परेशानियों को कम करने के लिए उप कप्तान रिंकू सिंह को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजना चाहिए. तीन बार की चैंपियन नाइट राइडर्स की टीम मौजूदा सत्र में अपने तीन मैच में से एक भी मैच नहीं जीत पाई है और उनके खाते में जो एक अंक हैं वह भी सोमवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ बारिश की वजह से रद्द हुए मैच से मिला.
बंगाल प्रो टी20 लीग के तीसरे सत्र के लॉन्च के मौके पर गांगुली ने कहा,"वह (अजिंक्य रहाणे) नाइट राइडर्स के कप्तान हैं और मुझे लगता है कि रिंकू बहुत नीचे बल्लेबाजी करता है. वह (रिंकू) उससे कहीं बेहतर खिलाड़ी है और उम्मीद है कि टीम उसे बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजने का कोई तरीका ढूंढ लेगी." रहाणे और रिंकू के अलावा लखनऊ सुपर जाइंट्स के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी भी इस दौरान मौजूद थे.
रिंकू ने आईपीएल 2023 में धूम मचा दी थी और गुजरात टाइटन्स के खिलाफ जीत के दौरान आईपीएल या किसी भी टी20 मैच के आखिरी ओवर में लगातार पांच छक्के लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज बन गए थे. रिंकू ने IPL 2024 में नाइट राइडर्स को खिताब जिताने में भी अहम भूमिका निभाई थी.
रिंकू ने अधिकतर पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी की है. इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ 21 गेंद में नाबाद 33 रन बनाए और उसके बाद ईडन गार्डन्स में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 227 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 25 गेंद में 35 रन की पारी खेली लेकिन टीम दोनों मैच हार गई. अब बृहस्पतिवार को नाइट राइडर्स का अगला मुकाबला यहीं लखनऊ सुपर जाइंट्स से होगा.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: MS Dhoni नहीं हुए हैं फिट, CSK को अभी खलेगी थाला की कमी, पूर्व कप्तान की चोट पर आया अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं