RR vs LSG IPL 2026; Playing 11, Pitch and Weather Report: आईपीएल 2026 के 32वें मुकाबले में बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की भिड़ंत राजस्थान रॉयल्स (RR) के साथ होगी. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. एलएसजी के खिलाफ आरआर का पलड़ा भारी रहा है. आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए सीजन की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है. टीम ने अब तक कुल 6 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से एलएसजी को सिर्फ 2 मैच में जीत मिली है. वहीं, 4 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है.
LSG की बल्लेबाजी और गेंदबाजी में चुनौती
टीम का बल्लेबाजी क्रम इस सीजन रनों के लिए संघर्ष करता नजर आया है. मिचेल मार्श अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में लगातार नाकाम रहे हैं. वहीं, मार्करम भी आईपीएल 2026 में अभी तक एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके हैं. निकोलस पूरन और कप्तान ऋषभ पंत भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके हैं.
गेंदबाजी में मोहम्मद शमी पिछले मुकाबले में पंजाब किंग्स के खिलाफ काफी महंगे साबित हुए थे, और उन्होंने 4 ओवर में 56 रन दिए थे. हालांकि, इस मुकाबले को छोड़कर शमी इस सीजन अच्छी लय में दिखे हैं. प्रिंस यादव ने अपनी गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया है, लेकिन आवेश खान और मोहसिन उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके हैं.
जीत की पटरी पर लौटना चाहेगा राजस्थान रॉयल्स
दूसरी तरफ, आईपीएल 2026 का आगाज लगातार 4 जीत के साथ करने वाली राजस्थान रॉयल्स को पिछले दोनों मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है. कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टीम एक समय पर मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी, लेकिन अंतिम ओवरों में टीम के गेंदबाज जीत दिलाने में नाकाम रहे थे. बल्लेबाजी में यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी छाप छोड़ने में सफल रहे हैं.
हालांकि, कप्तान रियान पराग की खराब फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय बन गई हैं. शिमरोन हेटमायर भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके हैं. राजस्थान रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर और नांद्र बर्गर की जोड़ी ने बढ़िया प्रदर्शन किया है. स्पिन विभाग में रवि बिश्नोई और रवींद्र जडेजा की जोड़ी ने खासा प्रभावित किया है. कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जडेजा ने 3 ओवरों में सिर्फ 8 रन देकर 2 विकेट निकाले थे.
RR vs LSG हेड टू हेड रिकॉर्ड
आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच अब तक कुल 6 मुकाबले खेले गए हैं. इनमें से 4 मैच आरआर ने जीते हैं, जबकि 2 मुकाबलों में एलएसजी ने जीत दर्ज की है.
इकाना स्टेडियम की पिच का हाल
इकाना स्टेडियम की पिच को स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार माना जाता है. बल्लेबाजों को यहां रन बनाने के लिए थोड़ा संघर्ष करना पड़ता है. गेंद बल्ले पर थोड़ा फंसकर आती है. यही वजह है कि इस मैदान पर ज्यादा बड़े स्कोर नहीं बनते हैं.
लखनऊ के मौसम का कैसा रहेगा हाल?
एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को लखनऊ में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा और बारिश होने की आशंका न के बराबर है.
लखनऊ सुपर जायंट्स संभावित प्लेइंग 11: आयुष बडोनी, मिशेल मार्श, ऋषभ पंत, निकोलस पूरन, एडेन मार्कराम, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, प्रिंस यादव, एम सिद्धार्थ, मोहसिन खान
राजस्थान रॉयल्स संभावित प्लेइंग 11: यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल, रियान पराग, शिम्रोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, ब्रिजेश शर्मा, नंद्रे बर्गर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं