Kolkata Knight Riders rope Blessing Muzarabani: कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 के लिए जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजाराबानी के साथ करार किया है. रिपोर्ट्स की मानें तो मुजाराबानी ने आईपीएल में खेलने के लिए अपना पीएसएल अनुबंध छोड़ दिया है. जिम्बाब्वे का यह खिलाड़ी पिछले महीने पीएसएल नीलामी में नहीं बिका था, लेकिन वेस्टइंडीज के शमर जोसेफ के रिप्लेसमेंट के रूप में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने उन्हें सीधे अनुबंधित किया था.
मुजाराबानी ने हाल ही में समाप्त हुए टी20 वर्ल्ड कप में जबरदस्त प्रदर्शन किया था. उनकी टीम सुपर आठ तक गई थी. भारत और श्रीलंका में खेले गए छह मैचों में, मुज़ारबानी ने 13 विकेट लिए और वो टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज रहे. उनसे आगे केवल जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती ने टूर्नामेंट में शिकार किए थे.
केकेआर ने एक बयान में कहा,"केकेआर ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 सत्र के लिए जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी से करार किया है. छह फुट आठ इंच के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अपनी तेज बाउंस और पारी के अहम हिस्से में विकेट निकालने की काबिलियत के लिए मशहूर है." इसके अनुसार,"मुजरबानी के पास टी20 का काफी अनुभव है. उन्होंने 80 से ज्यादा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में लगभग 21 के औसत से 90 से ज्यादा विकेट लिए हैं जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आठ रन पर तीन विकेट रहा है."
मुजरबानी को शामिल करने से पहले केकेआर ने पिछले साल दिसंबर में बांग्लादेश के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था. मुजरबानी के 17 मार्च को कोलकाता आने की उम्मीद है. यह मुज़ारबानी का किसी आईपीएल टीम के साथ दूसरा कार्यकाल है. वह आईपीएल 2025 के आखिरी चरण में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए एक अस्थायी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी थे. केकेआर अपने आईपीएल 2026 अभियान की शुरुआत 29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ करेगी.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी खिलाड़ी अबरार अहमद का खरीदने पर घिरी काव्या मारन, बवाल पर BCCI का पहला रिएक्शन आया सामने
यह भी पढ़ें: IPL 2026: आग उगलने के लिए तैयार है MS Dhoni की बल्ला! जमकर हो रही तैयारी...CSK ने शेयर किया वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं