विज्ञापन

IPl 2026: 'बस टीम में एक जगह भर रहे हैं...' MS Dhoni के रोल पर एबी डिविलियर्स का चौंकाने वाला बयान, CSK फैंस को नहीं आएगा पसंद

Ab De Villiers Big Statement on MS Dhoni: दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने मंगलवार को बेबाक राय देते हुए कहा कि महेंद्र सिंह धोनी को आगामी आईपीएल में शीर्ष छह में बल्लेबाजी करनी चाहिए.

IPl 2026: 'बस टीम में एक जगह भर रहे हैं...' MS Dhoni के रोल पर एबी डिविलियर्स का चौंकाने वाला बयान, CSK फैंस को नहीं आएगा पसंद
Ab De Villiers Big Statement on MS Dhoni

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने मंगलवार को बेबाक राय देते हुए कहा कि महेंद्र सिंह धोनी को आगामी आईपीएल में शीर्ष छह में बल्लेबाजी करनी चाहिए क्योंकि आठवें या नौवें नंबर पर आने से उनकी मौजूदगी के साथ न्याय नहीं होता. धोनी 44 साल के हो चुके हैं और 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल में अपनी फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के लिए खेलेंगे और डिविलियर्स ने इस करिश्माई खिलाड़ी से पिछले कुछ सालों में बल्लेबाजी क्रम में बहुत नीचे खेलने की रणनीति को बदलने की अपील की.

आगामी आईपीएल सत्र में सीएसके में धोनी की भूमिका पर बात करते हुए डिविलियर्स ने कहा,"यह बहुत मुश्किल है और सीधा-सीधा मामला नहीं है. ब्रांड बनने में सालों लगते हैं और सीएसके ने धोनी की शख्सियत के साथ कई सालों में यह साम्राज्य खड़ा किया है जो हमेशा से वहां मौजूद रहे हैं. जब आप सीएसके का नाम लेते हैं तो तुरंत आपके दिमाग में धोनी का नाम आता है." उन्होंने कहा,"मुझे लगता है कि पिछले कुछ सालों में उनकी भूमिका पूरी तरह से उस ब्रांड को जितना हो सके उतना मजबूत बनाए रखने की रही है. इसीलिए मुझे आठ या नौ नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए उनकी कोई भूमिका नजर नहीं आती और ना ही वह पिछले सत्र की तरह कुछ खास कर पा रहे हैं."

डिविलियर्स ने कहा,"हम जानते हैं कि वह बल्ले से असरदार हो सकते हैं लेकिन अगर वह इतनी नीचे बल्लेबाजी कर रहे हैं और कप्तानी भी नहीं कर रहे हैं तो ऐसा लगता है कि वह गलत कारणों से बस टीम में एक जगह भर रहे हैं. उनके लिए अब भी टीम में जगह है लेकिन उन्हें बल्लेबाजी के लिए ऊपर आना होगा, कम से कम नंबर छह पर और कभी-कभी तो पांच या चार नंबर पर भी."

उन्होंने कहा,"ये मुश्किल हालात हैं लेकिन संजू सैमसन कप्तानी संभालने के लिए सही आदमी हैं और इसका श्रेय धोनी को जाता है क्योंकि वह सही आदमी के आने का इंतजार करते हुए टीम में बने रहे. अगर धोनी खेलते हैं तो मैं चाहता हूं कि वह खुद पर और अधिक दबाव डालें और उन बड़े पलों को संभालने वाले खिलाड़ी बनें."

सीएसके ने आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले सैमसन को ट्रेड करने का फैसला किया जो उनकी भविष्य की योजनाओं का हिस्सा था. पूर्व भारतीय कप्तान और दिग्गज स्पिनर अनिल कुंबले ने सैमसन के सीएसके से जुड़ने पर अपने विचार साझा करते हुए कहा,"एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक भारतीय क्रिकेट में कमान सौंपी गई है - सुनील गावस्कर से सचिन तक, फिर विराट तक, और महेंद्र सिंह धोनी भी उस दौर का हिस्सा रहे हैं."

उन्होंने कहा,"राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली जैसे खिलाड़ी थे जिनके बाद धोनी और विराट कोहली आए जिनका जलवा आज भी कायम है और वे लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं." कुंबले ने कहा,"इस लिहाज से संजू का टीम में आना सीएसके के लिए एक बेहतरीन कदम है. सोने पर सुहागा यह है कि आईपीएल से ठीक पहले उनकी फॉर्म जबरदस्त रही है और उन्होंने लगातार तीन शानदार पारियां खेलकर भारत को विश्व कप जिताया है." कुंबले का यह भी मानना है कि सीएसके के प्रशंसक सैमसन के साथ आसानी से जुड़ पाएंगे.

यह भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026: वर्ल्ड कप से हटेगा ईरान? ट्रंप की 'चेतावनी' के बाद ईरान की मांग, अमेरिका से मैक्सिको शिफ्ट हो मैच

यह भी पढ़ें: 'लर्न ही लर्न स्टार्ट हो गया...' मोहम्मद रिजवान को पाकिस्तानी स्टार ने बुरी तरह किया ट्रोल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com