Delhi Capitals vs Gujarat Titans IPL 2026 Weather Report: आईपीएल 2026 के 14वें मुकाबले दिल्ली कैपिटल्स का सामना बुधवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस से होगा. अक्षर पटेल की कप्तानी में डीसी जीत की हैट्रिक लगाने के इरादे से इस मुकाबले में उतरेगी. वहीं, गुजरात को इस सीजन की पहली जीत की तलाश होगी. लेकिन फैंस की नजरें आसमान पर भी होंगी. सोमवार को कोलकाता में केकेआर और पंजाब का मैच बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था. जबकि मंगलवार को गुवाहाटी में मुंबई-राजस्थान का मैच भी बारिश से प्रभावित रहा. दिल्ली में बीती रात मूसलाधार बारिश हुई है. ऐसे में फैंस इस बात से चिंतित है कि क्या आज का मैच भी बारिश से प्रभावित होगा.
दिल्ली के लिए केएल राहुल की फॉर्म चिंता की बात
दिल्ली कैपिटल्स की ओर से बल्लेबाजी में समीर रिजवी का प्रदर्शन शानदार रहा है. उन्होंने लगातार दो मुकाबलों में नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई है. पाथुन निसांका ने भी पिछले मुकाबले में 30 गेंदों पर 44 रनों की अहम पारी खेली थी. हालांकि, केएल राहुल और नीतीश राणा की फॉर्म जरूर दिल्ली के लिए चिंता करने वाली बात रही है. राहुल 2 मुकाबलों में सिर्फ एक रन ही बना सके हैं.
गेंदबाजी में मुकेश कुमार और लुंगी एनगिडी की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया है. मुकेश ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ आखिरी मुकाबले में 26 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे. टी नटराजन ने 3 ओवर में 24 रन देकर एक विकेट निकाला था. अक्षर पटेल और कुलदीप यादव की स्पिन जोड़ी भी शुरुआती दो मुकाबलों में उम्मीदों पर खरी उतरी है.
शुभमन गिल करेंगे वापसी
दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस को आईपीएल 2026 के शुरुआती दोनों ही मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है. राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आखिरी मुकाबले में 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम 204 रन ही बना पाई थी. बल्लेबाजी में साई सुदर्शन कमाल की लय में नजर आए हैं. हालांकि, सुदर्शन को दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका है.
शुभमन गिल पूरी तरह से फिट न होने के कारण आखिरी मुकाबले में नहीं खेले थे. हालांकि, इस मैच में उनकी प्लेइंग इलेवन में वापसी होना लगभग तय माना जा रहा है. जोस बटलर, ग्लेन फिलिप्स, वॉशिंगटन सुंदर, राहुल तेवतिया और शाहरुख खान उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं. गेंदबाजी में भी सिराज और रबाडा की जोड़ी ने काफी रन खर्च किए हैं. वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा भी लाइन एंड लेंथ से भटके दिखाई दिए हैं. राशिद खान भी अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके हैं.
कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में बीती रात मूसलाधार बारिश हुई है. बुधवार को भी बारिश की भविष्यवाणी की गई है. दोपहर 12 बजे बारिश की संभावना 3 प्रतिशत है, लेकिन 1 बजे यह 47 प्रतिशत है. दोपहर 1 बजे से 3 बजे के बीच दिल्ली में भारी बारिश की आशंका है. हालांकि, शाम होते होते मौसम के साफ रहने की उम्मीद है. मैच के दौरान बारिश होने के चांस कम हैं, लेकिन काले बादल छाए रहेंगे. अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. ऐसे में आज फैंस को पूरे 20 ओवर का रोमांच देखने को मिल सकता है.
यह भी पढ़ें: DC vs GT IPL 2026: लगातार दो हार के बाद भी गुजरात को क्यों है जीत उम्मीद, किस खिलाड़ी का दम भर रही है गुजरात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं