विज्ञापन

IPL 2026: 'कम से कम एक बार...' आकिब नबी ने दिया दिल छू लेने वाला बयान, बताया अगला टारगेट

Aaqib Nabi Statement: जम्मू-कश्मीर के स्टार खिलाड़ी आकिब नबी का कहना है कि उनका अंतिम लक्ष्य इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शानदार प्रदर्शन के बाद भारत के लिए खेलना और जीत हासिल करना है.

IPL 2026: 'कम से कम एक बार...' आकिब नबी ने दिया दिल छू लेने वाला बयान, बताया अगला टारगेट
Auqib Nabi Delhi Capitals

IPL 2026 Delhi Capitals Auqib Nabi Statement: जम्मू-कश्मीर के स्टार खिलाड़ी आकिब नबी का कहना है कि उनका अंतिम लक्ष्य इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शानदार प्रदर्शन के बाद भारत के लिए खेलना और जीत हासिल करना है. बारामूला में अपने कमरे में बैठे नबी ने नीलामी के दिन आईपीएल में अपने चयन का जश्न मनाती बड़ी भीड़ को देखा था. इससे पहले उन्होंने जम्मू-कश्मीर के साथियों के साथ रणजी ट्रॉफी जीती थी और लाल गेंद के क्रिकेट में अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा था. जम्मू-कश्मीर की पहली रणजी ट्रॉफी जीत में उनकी सधी लाइन एवं लेंथ की गेंदबाजी अहम रही थी. अब उन्हें दिल्ली कैपिटल्स के साथ भी इसी प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद है.

आकिब नबी ने कहा,"यह (आईपीएल में खरीदा जाना) पैसों के बारे में नहीं था. मैं कम से कम एक बार खेलना चाहता था. भले ही मुझे 30 लाख रुपये (बेस प्राइस) मिलते, मैं आईपीएल में खेलना चाहता था. निश्चित रूप से यह जानकर अच्छा लगा कि दिल्ली कैपिटल्स ने मुझे इतनी बड़ी रकम में खरीदा." 

नबी को 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा गया था. उन्होंने शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स द्वारा आयोजित एक वर्चुअल बातचीत में पत्रकारों से कहा,"नीलामी के दिन मैं घर पर था क्योंकि अगले दिन विजय हजारे (ट्रॉफी) के लिए शिविर शुरू होने वाला था. जब मेरे नाम की घोषणा हुई तो बहुत से लोग भावुक हो गए क्योंकि यह इतने साल की कड़ी मेहनत के बाद हुआ था." उन्होंने कहा,"हर किसी का सपना था कि मैं अगले स्तर पर खेलूं. अपने परिवार वालों को भावुक देखकर मैं भी थोड़ा भावुक हो गया."

नबी ने आगे कहा,"मैंने अपने दोस्तों या गांव वालों को नहीं बताया था कि मैं घर पर हूं. मैं एक कमरे में बंद था और मैंने किसी को नहीं बताया कि मैं घर पर हूं. जब लोग अंदर आने लगे जिनमें मीडिया भी शामिल था तो बहुत हलचल मच गई. मैं कमरे के अंदर से देख रहा था. हर कोई खुश था और नाच रहा था. यह देखकर बहुत अच्छा लगा."

भारत के पूर्व कप्तान और भारतीय क्रिकेट बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने जम्मू-कश्मीर की जीत के बाद कहा था कि नबी राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की राह पर हैं. नबी के लिए आईपीएल में शानदार प्रदर्शन इस दिशा में एक और कदम होगा. उन्होंने कहा,"यह आईपीएल बहुत महत्वपूर्ण होगा क्योंकि यह एक वैश्विक टूर्नामेंट है. मैं चयन के बारे में ज्यादा नहीं सोच रहा हूं. मैं वही कर रहा हूं जो मैं कर सकता हूं. जो चीजें मेरे हाथों में नहीं हैं, उन पर ज्यादा ध्यान नहीं दे रहा हूं. मेरा फोकस आईपीएल पर है और मैं अच्छा करना चाहता हूं."

नबी ने कहा,"निश्चित रूप से भारत के लिए खेलना और देश के लिए मैच जीतना ही मेरा अंतिम लक्ष्य है. अगर मैं भारत के लिए खेलता हूं तो मेरा सपना सच हो जाएगा. इसलिए यही मेरा फोकस है. पर अभी मैं आईपीएल पर ध्यान लगा रहा हूं. देखते हैं भविष्य में क्या होता है."

यह भी पढ़ें: सचिन तेंदुलकर या रिकी पोंटिंग नहीं इस दिग्गज से टेस्ट बैटिंग सीखना चाहते हैं साई सुदर्शन

यह भी पढ़ें: IPL 2026: 'वह कम क्रिकेट खेल रहा...' विराट कोहली-RCB हेड कोच एंडी फ्लावर के बीच लंबे गैप पर हुई बात

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com