IPL 2026 Playoff Scenario Three Spot and Seven Team: टूर्नामेंट अब उस रोमांचक मोड़ पर आ खड़ा हुआ है जहां हर गेंद पर सांसें अटकने लगी हैं. लीग स्टेज के अब सिर्फ 8 मैच बचे हैं और प्लेऑफ की रेस इतनी उलझ गई है कि गणित के उस्ताद भी हैरान हैं. अंक तालिका में 18 अंकों के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अधिकारिक तौर पर प्लेऑफ का टिकट कटाने वाली पहली टीम बन चुकी है. मुंबई इंडियंस (MI) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) इस रेस से पूरी तरह बाहर हो चुकी हैं. अब जंग बाकी बचे 3 स्पॉट्स के लिए है, जिसकी रेस में कुल 7 टीमें आपस में बाजी लगा रही हैं. हर मुकाबले के साथ पॉइंट्स टेबल का मिजाज बदल रहा है.
अगर समीकरणों को देखें, तो गुजरात टाइटंस (GT) 16 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है और उसका नेट रन रेट भी मजबूत है. गुजरात को टॉप-2 में जगह पक्की करने के लिए अपने बचे हुए मैचों में से सिर्फ एक जीत की जरूरत है. वहीं तीसरे नंबर पर मौजूद सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के पास 14 अंक हैं और उसे सुरक्षित जोन में जाने के लिए अपने बाकी बचे दो मैचों में दम दिखाना होगा. हैदराबाद के पास अभी भी अपने दम पर आगे बढ़ने का पूरा मौका है.
असली सिरदर्द तो चौथे नंबर से शुरू होता है, जहां पंजाब किंग्स (PBKS) 13 अंक लेकर बैठी है. पंजाब के लिए दिक्कत यह है कि वे अब पूरी तरह अपने भरोसे नहीं हैं, उन्हें दूसरी टीमों के नतीजों पर भी नजर रखनी होगी. पंजाब के ठीक नीचे चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स (RR) 12-12 अंकों के साथ घात लगाए बैठी हैं. इन दोनों ही दिग्गज टीमों के लिए अब हर मैच 'करो या मरो' जैसा है. इन्हें न सिर्फ अपने मैच जीतने होंगे, बल्कि रन रेट को भी आसमान पर ले जाना होगा.
कहानी में ट्विस्ट दिल्ली कैपिटल्स (DC) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने डाला है. दिल्ली ने हाल ही में राजस्थान को हराकर खुद को 12 अंकों के साथ रेस में बनाए रखा है, जबकि कोलकाता 11 अंकों के साथ किसी बड़े उलटफेर की फिराक में है. आने वाले ये 8 मैच किसी थ्रिलर फिल्म के क्लाइमेक्स की तरह होने वाले हैं, जहां एक भी हार किसी भी टीम का बोरिया-बिस्तर समेट सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं