INDW vs PAKW Women's T20 WC 2026: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला खेला जाना है. इस हाईवोल्टेज मैच को लेकर फैंस का उत्साह चरम पर है. भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर इस टूर्नामेंट में अपनी तीन सबसे बड़ी 'सुपर पावर' के दम पर मैदान मारना चाहेंगी. अगर भारत की ये तीन विस्फोटक बल्लेबाज आज चल गईं, तो पावरप्ले के शुरुआती 6 ओवरों में ही पाकिस्तान का खेल खत्म हो सकता है. आइए जानते हैं हरमनप्रीत कौर की उन तीन ताकतवर हथियारों के बारे में, जिनके आंकड़े विरोधी टीम के पसीने छुड़ाने के लिए काफी हैं.
शेफाली वर्मा - पावरप्ले की सबसे खतरनाक हिटिंग मशीन
भारतीय टीम की युवा ओपनर शेफाली वर्मा क्रीज पर उतरते ही चौके-छक्कों की बरसात करने के लिए जानी जाती हैं. शेफाली का काम शुरुआती 6 ओवरों में पाकिस्तानी गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ना होगा. उनके आंकड़े गवाही देते हैं कि वह क्यों इतनी खतरनाक हैं:
मैच: 106
रन: 2722
सर्वोच्च स्कोर: 81
अर्धशतक: 16
स्ट्राइक रेट: 136
स्मृति मंधाना - अनुभव और क्लास का बेजोड़ नमूना
टीम की उपकप्तान और धाकड़ ओपनर स्मृति मंधाना भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ की हड्डी हैं. स्मृति न सिर्फ तेजी से रन बनाती हैं, बल्कि एक छोर संभालकर लंबी पारी खेलने में भी माहिर हैं. पाकिस्तान के खिलाफ उनका अनुभव टीम के बेहद काम आने वाला है:
मैच: 166
रन: 4333
सर्वोच्च स्कोर: 112 (1 शतक)
अर्धशतक: 33
स्ट्राइक रेट: 125
ऋचा घोष - आखिरी ओवरों में तबाही मचाने वाली फिनिशर
मिडिल और डेथ ओवरों में टीम इंडिया की सबसे बड़ी उम्मीद विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष हैं. ऋचा के पास मैदान के हर कोने में बड़े शॉट्स खेलने की काबिलियत है. 144 से ज्यादा के तूफानी स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाली ऋचा किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को तहस-नहस कर सकती हैं:
मैच - 83
रन - 1215
सर्वोच्च स्कोर - 64
अर्धशतक - 2
स्ट्राइक रेट - 144
कप्तान हरमनप्रीत कौर को है अपनी सेना पर पूरा भरोसा
पाकिस्तान के खिलाफ इस बड़े मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर काफी सकारात्मक नजर आ रही हैं. अपने 10वें टी20 वर्ल्ड कप को लेकर उन्होंने कहा, “मुझे क्रिकेट से प्यार है और यह मेरे दिल के बेहद करीब है. मैं बहुत शुक्रगुजार हूं कि मैं अपना 10वां वर्ल्ड कप खेल रही हूं. हम इस टूर्नामेंट में भी अपने पिछले वनडे वर्ल्ड कप जैसा ही आक्रामक अप्रोच और माइंडसेट रखेंगे. हमारी पूरी टीम एक पॉजिटिव सोच के साथ मैदान पर उतरेगी और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देगी.”
आंकड़ों की जंग में पाकिस्तान पर बहुत भारी है टीम इंडिया
क्रिकेट के मैदान पर जब भी ये दोनों टीमें आमने-सामने होती हैं, तो इतिहास भारत के पक्ष में खड़ा नजर आता है. पुरुषों की तरह ही महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी भारतीय टीम का पलड़ा पाकिस्तान पर पूरी तरह हावी है.
T20I में दोनों टीमों का रिकॉर्ड
कुल मैच - 16
भारत जीता - 13
पाकिस्तान जीता - 3
टी20 वर्ल्ड कप के मंच पर रिकॉर्ड
कुल मैच - 8
भारत जीता - 6
पाकिस्तान जीता - 2
इन आंकड़ों से साफ है कि पाकिस्तान के खिलाफ मानसिक बढ़त हमेशा भारत के पास रहती है. अगर आज शेफाली, स्मृति और ऋचा की तिकड़ी ने अपना जलवा दिखा दिया, तो पाकिस्तान के लिए मैच में वापसी करना नामुमकिन हो जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं