विज्ञापन
This Article is From Jul 04, 2017

INDvsWI: टीम इंडिया के खिलाफ रोमांचक जीत के बाद वेस्‍टइंडीज टीम के कोच ने इतराते हुए दिया यह बयान....

विंडीज टीम के कोच स्टुअर्ट लॉ ने कहा है कि हमारी टीम ने हाल ही में दुनिया की दो सर्वश्रेष्ठ टीमों को मात दी है.

INDvsWI: टीम इंडिया के खिलाफ रोमांचक जीत के बाद वेस्‍टइंडीज टीम के कोच ने इतराते हुए दिया यह बयान....
जेसन होल्‍डर ने नेतृत्‍व वाली मौजूदा विंडीज टीम में ज्‍यादातर खिलाड़ी नए हैं (फाइल फोटो)
  • स्‍टुअर्ट लॉ बोले, हमारी टीम में प्रतिभा की कमी नहीं है
  • हमने हाल में दुनिया की दो सर्वश्रेष्‍ठ टीमों को दी है मात
  • टीम इंडिया से पहले विंडीज टीम ने पाकिस्‍तान को हराया था
नार्थ साउंड (एंटिगा): चौथे वनडे मैच में विश्‍व वरीयता में तीसरे नंबर की भारतीय टीम को हराने के बाद वेस्‍टइंडीज टीम और इसके कोच स्‍टुअर्ट लॉ की खुशी का ठिकाना नहीं है. विंडीज टीम के कोच स्टुअर्ट लॉ ने कहा है कि उनकी टीम में प्रतिभा की कमी नहीं है औरटीम ने हाल ही में दुनिया की दो सर्वश्रेष्ठ टीमों को मात दी है. मैच के बाद लॉ ने संवाददाताओं से कहा, "हमने कुछ सप्ताह पहले पाकिस्तान को हराया था वह भी 300 के लक्ष्य का पीछा करते हुए. इस बार हमने भारत के खिलाफ कम स्कोर का बचाव किया. हमने दुनिया की दो सर्वश्रेष्ठ टीमों को हराया है. यह हमारे लिए बड़ा पड़ाव है. हम अभी उस दौर के करीब हैं जहां हम जाना चाहते हैं." गौरतलब है कि भारत के खिलाफ रविवार को हुए चौथे वनडे में विंडीज ने टीम इंडिया पर 11 रन की रोमांचक जीत दर्ज की थी. पांच मैचों की सीरीज में टीम इंडिया इस समय 2-1 की बढ़त बनाए हुए है. चौथे वनडे की इस जीत के बाद विंडीज के पास सीरीज को बराबर करने का मौका है लेकिन इसके लिए टीम को पांचवां वनडे मैच जीतना होगा. सीरीज का पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था.

उन्होंने कहा, "हमारे पास प्रतिभा की कमी नहीं है. मैंने इन खिलाड़ियों को काफी करीब से देखा है. मैं निश्चित तौर पर कह सकता हूं कि यह प्रतिभा की कमी की बात नहीं है." विंडीज की जीत में कप्तान जेसन होल्डर के पांच विकेटों ने अहम रोल निभाया। कोच ने कहा कि उनकी टीम को स्मार्ट क्रिकेट खेलनी चाहिए क्योंकि खिलाड़ियों के पास योग्यता है.

कोच के मुताबिक, "उनके पास योग्यता है और यह अब सिर्फ अपने आप को पहचानने की बात है. उन्हें कब कौन सा शॉट खेलना है, इस बारे में स्मार्ट तरीके से सोचना होगा. अगर आपने उन्हें करीब से देखा होगा तो पता चलेगा कि उन्होंने अहम समय पर विकेट खोए हैं. अगर वह ऐसा करते हैं तो इससे हम दवाब में आ जाएंगे. हम सीख रहे हैं और इस बारे में हमेशा बात करते हैं. वह ईमानदार हैं. हम इसे ईमानदारी से सुलझा सकते हैं." (एजेंसी से इनपुट)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
INDvsWI, Fourth ODI, Coach, Stuart Law, Team India, West Indies
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com