विज्ञापन
This Article is From Jun 23, 2017

वेस्ट इंडीज़ में हैरान रह गए महेंद्र सिंह धोनी, हार्दिक पांड्या, जब मिलने पहुंचे ये 'पुराने दोस्त'

बीसीसीआई द्वारा माइक्रो-ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर शेयर की गई एक तस्वीर में ब्रावो बंधु भारतीय टीम के महेंद्र सिंह धोनी, ऋषभ पंत तथा हार्दिक पांड्या के साथ हंसी-मज़ाक करते दिखाई दे रहे हैं.

वेस्ट इंडीज़ में हैरान रह गए महेंद्र सिंह धोनी, हार्दिक पांड्या, जब मिलने पहुंचे ये 'पुराने दोस्त'
महेंद्र सिंह धोनी, हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत के साथ हंसी-मज़ाक करते ड्वेन और डैरेन ब्रावो... (ट्विटर पर बीसीसीआई)
  • ड्वेन-डैरेन ब्रावो वन-डे सीरीज़ से पहले भारतीय खिलाड़ियों से मिलने पहुंचे
  • ड्वेन ब्रावो IPL में खेल चुके हैं, और कई भारतीय खिलाड़ियों से मित्रता है
  • डैरेन ब्रावो भी IPL में खेले चुके हैं, हालांकि वह ज़्यादा कामयाब नहीं रहे
नई दिल्ली: शुक्रवार को मेज़बान वेस्ट इंडीज़ टीम के खिलाफ होने वाले सीरीज़ के पहले एक-दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच से पहले पसीना बहाते टीम इंडिया के खिलाड़ियों को उनके दो स्थानीय दोस्तों ने उन्हें हैरान कर दिया, और खुश भी... ड्वेन और डैरेन ब्रावो भारत के खिलाफ खेली जी रही पांच वन-डे इंटरनेशनल मैचों की इस सीरीज़ के पहले दो मैचों में वेस्ट इंडीज़ टीम का हिस्सा नहीं बनाए गए हैं.

भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा माइक्रो-ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर शेयर की गई एक तस्वीर में ब्रावो बंधु भारतीय टीम के महेंद्र सिंह धोनी, ऋषभ पंत तथा हार्दिक पांड्या के साथ हंसी-मज़ाक करते दिखाई दे रहे हैं.

ड्वेन ब्रावो के भारतीय कप्तान विराट कोहली सहित कई भारतीय खिलाड़ियों से अच्छे रिश्ते हैं, क्योंकि वह इंडियन प्रीमियर लीग, यानी आईपीएल में खेल चुके हैं. धोनी की कप्तानी में तो ड्वेन कई साल तक चेन्नई सुपरकिंग्स फ्रेंचाइज़ी का हिस्सा रहे हैं. दूसरी ओर डैरेन ब्रावो भी डेक्कन चार्जर्स और कोलकाता नाइटराइडर्स की ओर से आईपीएल में खेल चुके हैं, हालांकि वह अपने भाई जैसी कामयाबी हासिल नहीं कर पाए.
 
ट्रिनिडाड के पोर्ट ऑफ स्पेन स्थित क्वीन्स पार्क ओवल में शुक्रवार को मेहमान भारतीय टीम पहले वन-डे मैच में वेस्ट इंडीज़ से भिड़ेगी. पांच वन-डे मैचों के बाद दोनों टीमों के बीच एक ट्वेन्टी-20 इंटरनेशनल मैच भी खेला जाएगा.

उम्मीद की जा रही है कि वेस्ट इंडीज़ की इस टीम के खिलाफ सीरीज़ का नतीजा भारत के पक्ष में 5-0 रह सकता है, क्योंकि जहां तक तजुर्बे का सवाल है, वेस्ट इंडीज़ टीम के सभी 13 खिलाड़ियों ने कुल मिलाकर अब तक 213 मैच खेले हैं, और सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी कप्तान जेसन होल्डर हैं, जिन्होंने अब तक 58 मैच खेले हैं. इनकी तुलना में हमारी टीम के सिर्फ तीन वरिष्ठ खिलाड़ी युवराज सिंह (301), महेंद्र सिंह धोनी (291) तथा कप्तान विराट कोहली (184) कुल मिलाकर 776 मैच खेल चुके हैं, जिससे साफ है कि तजुर्बे के मामले में मेज़बान टीम मेहमानों के सामने कहीं नहीं ठहरती.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Vs West Indies, Hardik Himanshu Pandya, Mahendra Singh Dhoni, Rishabh Rajendra Pant, Dwayne John Bravo
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com